दोनों जगह बमुश्किल बुझ पाई आग, घंटों जूझीं फायर ब्रिगेड की टीमें
बरेली। दिवाली के दिनों में आग लगने की घटनाएं लगातार कहर ढा रही है। शनिवार रात आतिशबाजी गिरने से बाकरगंज में एक रद्दी और कबाड़ के गोदाम में भीषण आग लग गई। इससे पहले शुक्रवार रात सिविल लाइंस स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय कार्यालय में भी शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग में काफी नुकसान हो गया। फायर ब्रिगेड को दोनों जगह आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
ईदगाह रोड पर मोहल्ला कटघर में रहने वाले इरशाद हुसैन के बाकरगंज में सड़क किनारे स्थित कबाड़ और रद्दी के गोदाम में शनिवार रात किसी समय आग लग गई। पहले तो आग रद्दी में ढेर में सुलगती रही मगर रात के आखिरी पहर में तेजी से भड़की तो ऊंची लपटें उठने लगीं। सूचना पर कई दमकल गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। गोदाम में खड़ी कार भी झुलस गई। एफएसओ रवीश कुमार ने बताया कि गोदाम में आतिशबाजी की वजह से आग लगी है। कोई आतिशबाजी टिनशेड के अंदर गोदाम में अंदर आ गिरी जिसकी वजह से नीचे आग भड़क गई।
शुक्रवार आधी रात के बाद प्रभा सिनेमा के सामने हुंडई शोरूम के ऊपर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय कार्यालय में भी आग लग गई। रात एक बजे आग की सूचना मिलने पर एफएसओ रवीश कुमार ने दमकल की गाड़ियां भेजीं। नीचे जीने से बैंक दफ्तर में जाने के रास्ते में धुआं भरा हुआ था लिहाजा टीम प्लाई तोड़कर किसी तरह अंदर घुसी और करीब चार घंटे तक मशक्कत कर सुबह पांच बजे आग बुझाई। क्षेत्रीय कार्यालय के प्रबंधक महेश चंद्र गुप्ता ने बताया कि आग संभवत: शार्ट सर्किट की वजह से लगी जिसमें कंप्यूटर और महत्वपूर्ण दस्तावेज जल गए हैं। कार्यालय खुलने पर नुकसान का ठीक आकलन किया जा सकेगा।
पेंट गोदाम में थिनर भर ड्रम फटा, फिर भड़की आग
बसंत टाकीज के पास शुक्रवार रात योगेश गुप्ता के घर में बने पेंट गोदाम में लगी भीषण आग को बमुश्किल बुझाकर रात दस बजे फायर स्टाफ लौटा लेकिन कुछ ही देर बाद गोदाम में थिनर भरा लोहे का ड्रम फटा तो दोबारा आग भड़क गई। फायर ब्रिगेड को सूचना देने के बाद दोबारा फोम टेंडर पहुंची और आग पर काबू पाया। फायर स्टाफ के मुताबिक पेंट गोदाम में शार्ट सर्किट से आग लगी थी। गोदाम घर में काफी अंदर की ओर है जहां आतिशबाजी पहुंचने की कोई गुंजाइश नहीं है। घटना के वक्त आसपास कहीं आतिशबाजी हो भी नहीं रही थी।