मध्य प्रदेश से तेंदू पत्ता मंगाकर एक ही जगह बनाते थे 16 ब्रांड की बीड़ी
बरेली। बारादरी पुलिस ने शाहजहांपुर में तिलहर निवासी राहुल गुप्ता को गिरफ्तार कर नकली पान मसाला और बीड़ी फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। फैक्टरी मालिक तिलहर निवासी अली हसन और उसका भतीजा पुलिस के पहुंचने से पहले ही भाग गया। पुलिस ने मौके से 12 क्विंटल नकली बीड़ी, दो बोरी पान मसाला, चूना, तंबाकू और चार पैकिंग मशीनें बरामद की हैं। कई नामचीन कंपनियों के रैपर भी मिले हैं।
पुलिस के मुताबिक, तिलहर के राहुल गुप्ता, अली हसन और उसके भतीजे मंगल ने एजाजनगर गौटिया में चार मकान किराये पर ले रखे थे। बाहर से कच्चा माल मंगाकर यहां अलग-अलग कंपनियों के रैपर में पैक करके बीड़ी और पान मसाला तैयार किया जाता था। एक ही स्थान पर आरोपी 16 अलग-अलग ब्रांड की बीड़ी और दो ब्रांड का पान मसाला बनाते थे। फिर एजेंट के जरिये इन्हें बाजार में बेच देते थे। आरोपियों ने यहां पर रहने और कारोबार के लिए मकान किराये पर लिए थे लेकिन उसकी आड़ में नकली पान मसाला और बीड़ी का कारोबार शुरू कर दिया। अब पुलिस मकान के मालिकों की तलाश कर रही है।
तिलहर में दर्ज हुआ मुकदमा तो लॉकडाउन में यहां जमाया धंधा
इंस्पेक्टर बारादरी नीरज कुमार ने बताया कि अली हसन की पहले तिलहर में बीड़ी फैक्टरी थी। गड़बड़ी के चलते वर्ष 2019 में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ तो वहां का कारोबार बंद हो गया। उसे कच्चे माल की आपूर्ति के बारे में जानकारी थी। इसका फायदा उठाकर करीब साल भर पहले लॉकडाउन में उसने एजाजनगर गौंटिया में नकली पान मसाला और बीड़ी बनाने का धंधा शुरू कर दिया। बीड़ी बनाने के लिए तेंदू पत्ता मध्य प्रदेश से मंगाया जाता था और बाकी कच्चा माल आरोपी तिलहर में ही मंगाते थे। इसके चलते बरेली में उनके धंधे की किसी को भनक नहीं लगी।
बाजार में खपा चुके करोड़ों का माल
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने लॉकडाउन का जमकर फायदा उठाया। बाहर से आपूर्ति बंद होने के चलते लॉकडाउन में उन्होंने अपना बनाया नकली माल दूर-दूर तक खपाया। हालांकि लॉकडाउन खत्म होने के बाद उनका धंधा मंदा पड़ गया। यही वजह है कि मौके से बहुत ज्यादा माल बरामद नहीं हुआ।