फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बदायूं में बड़ा हादसा: बारूद के अवैध भंडार में धमाका... दो मंजिला मकान जमींदोज, मां-बेटे की मौत

Mon, 01 Apr 2024 04:43 PM IST
मुकेश कुमार संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं

सार

Budaun News: इस्लामनगर कस्बे में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। आतिशबाजी बनाने के लिए रखे बारूद के भंडारण में धमाके से दो मंजिला मकान धराशायी हो गई, जिसके मलबे में महिला और उसके बेटे की मौत हो गई। उसकी दो बेटियां घायल हुई हैं। 
विज्ञापन
घटनास्थल पर जुटी लोगों की भीड़ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बदायूं के इस्लामनगर कस्बा स्थित एक मकान में आतिशबाजी बनाने के लिए अवैध रूप से रखे बारूद के भंडार में सोमवार दोपहर भीषण विस्फोट हो गया। इससे दो मंजिला मकान जमींदोज हो गया। मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि दो बेटियां घायल हो गईं। दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

विज्ञापन


हादसा सोमवार दोपहर करीब सवा तीन बजे अख्तर अली पुत्र असगर के घर में हुआ। पिता के आतिशबाजी बिक्री के लाइसेंस पर अख्तर आबादी के बीच गोल्डन इवेंट नाम से पटाखों का कारोबार करता है। यहीं घर के निचले हिस्से में स्थित दुकान में शादियों के लिए आतिशबाजी बनाई जाती थी। इसके लिए बारूद और अन्य जरूरी सामान वह अपने घर में रखता था। इसी मकान के पहले तल पर अख्तर का परिवार रह रहा था।

घटना के वक्त अख्तर कस्बे से बाहर गया था। घर में पत्नी सलामत बेगम (35), बेटी अर्फी (07), तमन्ना (03) और बेटा तैमूर (05) मौजूद थे। दोपहर में तैमूर ने खेल-खेल में एक अनार जलाया तो उसकी चिंगारी पास रखे बारूद के भंडार तक पहुंच गई। इससे तेज धमाका हुआ और मकान की छत उड़ गई। देखते ही देखते दुकान और उसका दो मंजिला भवन धराशायी हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि ध्वस्त मकान का मलबा, आसपास के घरों पर जा गिरा। 

विज्ञापन

पांच जेसीबी से हटाया गया मलबा 
मकान में विस्फोट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन पांच जेसीबी मंगाकर मलबे को हटाने का कार्य शुरू किया। तीन एंबुलेंस और डॉक्टरों की टीम भी बुला ली गई। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तैमूर का शव मलबे से निकाला गया। उसके कुछ अंग विस्फोट से उड़ गए थे। वहीं सलामत बेगम झुलसी हुई घायल अवस्था में मिलीं। अस्पताल ले जाते वक्त उन्होंने भी दम तोड़ दिया।



घटना के वक्त तमन्ना छत पर थी और विस्फोट से जब छत ढही तो वह खिसककर मकान से बाहर जा गिरी। दूसरी बेटी अर्फी आंगन में रखे जेनरेटर के पास खिलौना गाड़ी पर बैठी खेल रही थी, इसलिए विस्फोट के बाद छत का जो हिस्सा वहां गिरा, वह जेनरेटर पर टिक गया। ऐसे में अर्फी उसके नीचे बैठी रही। दोनों को घायलावस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर डीएम मनोज कुमार, एसएसपी आलोक प्रियदर्शी, एसडीएम बिल्सी प्रवर्धन शर्मा और सीओ सुशील कुमार भी पहुंचे।
 

अवैध गोदाम पर कठघरे में जिम्मेदार
घर में विस्फोटकों का गोदाम बनाकर अख्तर का आतिशबाजी का कारोबार संचालित करना जिम्मेदारों को कठघरे में खड़ा कर रहा है। प्रारंभिक जांच के बाद अग्निशमन अधिकारी पूरनलाल सोलंकी ने इस बात की पुष्टि की है कि अख्तर के पिता असगर ने सिर्फ आतिशबाजी की बिक्री का लाइसेंस लिया था, जिसका एक साल से नवीनीकरण भी नहीं कराया गया है।
विज्ञापन

डीएम मनोज कुमार ने बताया कि हादसा कैसे हुआ, क्यों हुआ, आतिशबाज के पास लाइसेंस था या वह दूसरे के लाइसेंस पर काम कर रहा था? इन सभी बिंदुओं पर जांच कराई जा रही है। एसएसपी आलोक प्रियदर्शी ने कहा कि पता चला है कि मकान मालिक अख्तर अली के पिता के नाम आतिशबाजी का लाइसेंस है। जानकारी जुटाई जा रही है। घायलों का इलाज कराया जा रहा है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें