बरेली होते हुए अयोध्या के लिए रेलवे ने कई ट्रेनों की घोषणा तो कर दी है, लेकिन इनके संचालन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो रही। अयोध्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण बरेली होते हुए गुजरने वाली पहली देहरादून-अयोध्या आस्था स्पेशल निरस्त कर दी गई थी। इसके बाद सोमवार को यह ट्रेन चलनी थी, लेकिन रविवार देर रात तक स्थानीय अधिकारियों को ट्रेन के शेड्यूल के संबंध में मंडल मुख्यालय से कोई सूचना नहीं मिली।
बरेली होते हुए 12 जोड़ी आस्था स्पेशल ट्रेनों का अयोध्या के लिए संचालन होना है। यह ट्रेनें जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर, अमृतसर, सहारनपुर, देहरादून, हरिद्वार, माता वैष्णो देवी कटरा आदि स्थानों से प्रस्तावित हैं। पहली देहरादून-अयोध्या 01316 आस्था स्पेशल बृहस्पतिवार दोपहर 2:15 बजे देहरादून से चलने के बाद रात 9:30 बजे बरेली आकर शुक्रवार सुबह यह ट्रेन 5:05 बजे अयोध्या पहुंचनी थी। वापसी में देहरादून-अयोध्या 01317 आस्था स्पेशल का शेड्यूल 27 जनवरी को शाम छह बजे अयोध्या से चलने के बाद रात एक बजे बरेली और 28 जनवरी को सुबह 7:40 बजे देहरादून पहुंचने का था, लेकिन इसे ऐन मौके पर निरस्त कर दिया गया।
अयोध्या में अब श्रद्धालुओं की भीड़ की स्थिति सामान्य होने के बाद सोमवार को यह ट्रेन चलनी थी, लेकिन रविवार देर रात तक इसके संचालन पर संशय बना रहा। स्टेशन अधीक्षक भानु प्रताप सिंह और मुख्य वाणिज्य निरीक्षण राकेश सिंह ने बताया कि सोमवार को आस्था स्पेशल के संचालन का अधिकारिक शेड्यूल नहीं मिला है।