बरेली में प्रधानमंत्री आवास योजना व पीएम स्वनिधि योजना में फर्जीवाड़ा कर अपात्रों को लाभ देने की शिकायतों पर डीएम रविंद्र कुमार ने बृहस्पतिवार को नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के दफ्तर में छापा मारा। दलाली के शक में तीन युवक पकड़े गए। एक पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
डूडा कार्यालय में दलाल हावी होने की शिकायतें डीएम को मिल रहीं थीं। विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में डीएम ने डूडा के अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। तब आउटसोर्सिंग पर काम कर रहे तीन कर्मियों की सेवाएं समाप्त की गई थीं पर शिकायतें नहीं थमीं। इस पर डीएम ने सिटी मजिस्ट्रेट रेनू सिंह व पीओ डूडा अजीत कुमार सिंह के साथ अचानक छापा मारा। मौके पर मिले तीन लोगों से सिटी मजिस्ट्रेट ने पूछताछ की तो वे अनधिकृत पाए गए।
डूडा के एपीओ राकेश कुमार ने सुभाषनगर के शांति विहार निवासी अनीत कुमार के खिलाफ लाभार्थियों से छल करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में लिखा है दलाली में डूडा कर्मियों की मिलीभगत से भी इन्कार नहीं किया जा सकता। इंस्पेक्टर डीके शर्मा ने बताया कि जांच की जा रही है। वहीं, डूडा के परियोजना अधिकारी अजीत कुमार सिंह पात्रता की जांच करा रहे हैं।