मोदी न खाते हैं न खाने देते हैं- केशव
कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पहले कहा जाता था कि एक रुपया भेजते हैं तो जनता के खाते में 15 पैसे पहुंचते हैं। मोदी ने सरकार में आने के बाद 52 करोड़ लोगों के खातों में 34 लाख करोड़ रुपये डाले और पूरी की पूरी रकम गरीबों को मिली। मोदी न खाते हैं न खाने देते हैं, इसलिए भ्रष्टाचारी परेशान हैं और जेल में हैं।
इस दौरान बरेली लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी छत्रपाल गंगवार, वन मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना, मंत्री कपिलदेव अग्रवाल, महापौर उमेश गौतम, विधायक संजीव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
'नफरत की भाषा बोल रहा है विपक्ष'
डिप्टी सीएम ने कहा कि एक कांग्रेस नेता की बेटी ने अब लव जिहाद, जमीन जिहाद से आगे बढ़कर वोट जिहाद करने के लिए कहा है। विपक्ष अब नफरत की भाषा बोल रहा है। जबकि मोदी सबका साथ सबका विकास का नारा दे रहे हैं।
सपा के पीडीए की व्याख्या करते हुए कहा कि इसका मतलब परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी है। ये केवल अपना विकास करते हैं। सपा नेता कोरोना के टीके पर सवाल उठाकर देश के वैज्ञानिकों पर सवाल उठा रहे हैं। देश के सैनिकों पर सवाल उठा रहे हैं। इन्हें अपने लोगों पर भरोसा नहीं है। ऐसे लोग किसी के नहीं। इस दौरान उन्होंने भाजपा को वोट देने की अपील की।