भोजीपुरा। देवरनियां नदी में एक व्यक्ति का शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। फिलहाल, शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
भोजीपुरा इलाके के गांव सेड़ा के पास देवरनिया नदी में बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने एक व्यक्ति का शव देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा जगत सिंह व सीओ नितिन कुमार मौके पर पहुंचे। शव को नदी से निकलवाया। पुलिस आसपास के ग्रामीणों से शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की। काफी प्रयास के वाद भी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी।
बताया जा रहा है कि मृतक की उम्र 45 वर्ष है। उसने नीले रंग की पैंट व कई बनियान पहन रखी है। प्रभारी निरीक्षक जगत सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद व्यक्ति की मृत्यु का कारण पता चल सकेगा। संवाद
बकरी चराने गए छात्र की नदी में डूबने से मौत
क्योलड़िया। बकरी चराने गया ग्यारह वर्षीय छात्र की अप्सरा नदी में नहाते समय डूबकर मौत हो गई। क्षेत्र के गांव बवूरा के मोहम्मद सोहेल (11) अपने दोस्तों के साथ बकरी चराने अप्सरा नदी के किनारे गया हुआ था। तेज गर्मी के कारण अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने लगा। नहाते समय अधिक पानी होने के कारण नदी से बाहर नहीं निकल पाया। देर शाम तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई। परिजन नदी के किनारे पहुंचे, जहां उसके कपड़े मिले। नदी में जाकर उसकी तलाश शुरू हुई। रात 10 बजे उसका शव मिला। पुलिस मौके पर पहुंची, जिस पर परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। परिजनों ने बताया कि वह गांव के स्कूल में कक्षा पांच में पढ़ता था। संवाद