दुनका। शाही के एक गांव से घर में सो रही किशोरी का अपहरण कर तीन दरिंदों ने गैंगरेप कर दिया। दो दिन तक एक कोठरी में कैद रहकर जैसे-तैसे दरिंदों के चंगुल से छूटकर आई तो उसकी हालत देखकर घर वालों के होश उड़ गए। पुलिस ने प्रेम संबंध बताकर उन्हें टरका दिया। इसके बाद घर वाले किशोरी को लेकर एसएसपी के पास पेश हुए। उनके आदेश पर तीन युवकों पर अगवा करने, सामूहिक दुराचार और पाक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
किशोरी की मां ने एसएसपी को बताया कि 29 मार्च की सुबह चार बजे गांव का देव सिंह, हरिओम और बदलू दीवार फांदकर घर में घुस आए। उन्होंने तमंचा दिखाकर सभी को धमकाया और सोलह वर्षीय बेटी को अगवा कर ले गए थे। वे बेटी को खोजते रहे। पुलिस से भी शिकायत की। 30 मार्च को बेटी किसी तरह घर पहुंच गई। उसने बताया कि तीनों आरोपियों ने उसे धनेटा-शीशगढ़ रोड पर मिर्जापुर से मकड़ीखोय के बीच बनी पुरानी कोठरी में रखा था। वहां उससे गैंगरेप किया। मुंह खोलने पर जान से मार देने की धमकी भी दी। तीनों की गैरमौजूदगी में वह किसी तरह भाग निकली। किशोरी की मां के मुताबिक उन्हें स्थानीय पुलिस से निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद नहीं थी इसलिए वे 31 मार्च को एसएसपी आरके भारद्वाज से मिले और उन्हें पूरा घटनाक्रम बताया। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसओ शाही को एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। शाही थाने में तीनों खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। देर शाम पुलिस ने मुख्य आरोपी देव सिंह को भी पकड़ लिया और पूछताछ की। वह इस मामले में खुद को निर्दोष बताता रहा। एसओ महेंद्र सिंह का कहना था कि बताए जा रहे घटनाक्रम में कई पेंच हैं जिन्हें विवेचना में सुलझाया जाएगा। फिलहाल उन्होंने तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मेडिकल परीक्षण आदि औपचारिकता पूरी कराकर जांच को आगे बढ़ाएंगे।
एक और किशोरी लापता, मुकदमा दर्ज
दुनका। इसी गांव से ही 16 साल की एक और किशोरी 28 मार्च की शाम चार बजे पड़ोस के एक घर में बैठने की बात कहकर गई थी। देर शाम तक वह घर नहीं लौटी तो परिवार वालों ने उसकी खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारियों में ढूंढने के बाद भी पता न लगने पर लड़की के पिता ने शाही थाने में अज्ञात लोगों पर बेटी को फुसलाकर ले जाने की तहरीर दी। एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने गांव में पहुंचकर तफ्तीश भी की।
लूटपाट और गैंगरेप की एफआईआर
फरीदपुर। कोर्ट के आदेश पर चार भाइयों पर घर में घुसकर गैंगरेप और लूटपाट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मोहल्ला मिर्धान की युवती का आरोप है कि सोलह मार्च को घर पर अकेली थी तभी मोहल्ले के ही चार सगे भाई इकबाल, फुरकान, जीशान और रिजवान घर में घुस गए और गैंगरेप किया। इसके बाद कुंडल, सोने की चूड़ियां और करीब पचास हजार रुपये भी लूट ले गए।
महिला को घेरकर लूटा, दुराचार की कोशिश
हाफिजगंज। फूफा के घर जा रही महिला से पांच युवकों ने रास्ते में घेरकर लूट लिया। आरोप है कि वह बलात्कार की नियत से उठाकर खेत में ले गये। पुलिस ने पांचों लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इज्जतनगर थाने के गांव कलारी की रहने वाली महिला के अनुसार बृहस्पतिवार की शाम को वह हाफिजगंज के गांव फैजुल्लापुर जा रही थी। पुलिया पर बैठे उसी के गांव के रहीम खां, वली रजा, साबिर, शकील व अबरार ने उसे घेर लिया। इन लोगों ने उससे कुंडल, पायल व चार सौ रुपये छीन लिये और उसे जान से मारने की नियत से गर्दन दबा दी। आरोप लगाया कि बलात्कार करने की नियत से जबरन उठाकर उसे गेहूं के खेत में ले गये। चीखपुकार मचाने पर आसपास के लोगों के आने पर यह लोग मौका पाकर भाग निकले। हालांकि पुलिस ने बताया कि इन लोगों का पुराना झगड़ा चल रहा है।
फोन पर परेशान करता है शोहदा
रिठौरा। एक शोहदे की फोन कॉल से परेशान लॉ की पढ़ाई की कर रही छात्रा ने रिठौरा चौकी पर शिकायत कर सुरक्षा की गुहार लगाई है। हाफिजगंज के एक गांव की छात्रा का कहना है कि कई महीनों से शोहदा अलग-अलग फोन नंबरों से फोन कर रहा है। बदनामी के डर से वह चुप रही मगर शोहदे ने अब फोन पर अश्लील बातें शुरू कर दी हैं। चौकी प्रभारी जेपी यादव ने बताया कि फोन नंबरों की जांच की जा रही है।