खुल्दाबाद के अटाला इलाके में शुक्रवार रात रेस्टोरेंट में खाने के बाद बिल को लेकर मारपीट के बाद तोड़फोड़ और फायरिंग से खलबली मच गई। बवाल में रेस्टोरेंट के कर्मचारी समेत तीन लोग जख्मी हुए। घायल कर्मचारी को अस्पताल ले जाया गया। खबर पाकर कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ अधिकारी वहां पहुंच गए। तनाव को देखते हुए मौके पर पुलिस फोर्स तैनात है। घायल रेस्टोरेंट मालिक की तहरीर पर पार्षद, उनके भतीजे समेत 5 के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट लिखी गई है। जबकि पार्षद के भतीजे की तहरीर पर रेस्टोरेंट मालिक समेत पांच के खिलाफ मुकदमा हुआ है।
अटाला चौराहे पर अशफाक का रेस्टोरेंट है, जहां बिरयानी के साथ लस्सी बेची जाती है। शुक्रवार रात करीब साढ़े सात बजे रेस्टोरेंट में झगड़ा हो गया। बताया जाता है कि खाने के बाद बिल देने को लेकर विवाद हुआ। जिसके बाद युवकों ने फोन कर पार्षद के भतीजे राजू को बुला लिया। इसके बाद युवक कर्मचारी मुन्नू बाबू (30) से उलझ गए। उनके बीच मारपीट हो गई। रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ भी कर दी गई। आरोप है कि पार्षद सरफराज के भतीजे राजू ने लाइसेंसी पिस्टल से फायर भी किए । मारपीट और तोड़फोड़ के दौरान मुन्नू बाबू समेत तीन लोग जख्मी हुए। सरेशाम सड़क पर मारपीट और फायरिंग की खबर पाकर खुल्दाबाद और अतरसुइया थाने की पुलिस के साथ ही सीओ रुपेश सिंह पहुंच गए। रेस्टोरेंट मालिक अशफाक और घायल मुन्नू बाबू ने आरोप लगाया कि मारपीट और फायरिंग पार्षद सरफराज के भतीजे राजू ने की है। वे उसकी गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
मारपीट में पार्षद का भतीजा राजू भी घायल है। राजू को कॉल्विन अस्पताल ले जाया गया। वह घूरपुर के करमा क्षेत्र का रहने वाला है। उसके पैर में चोट गोली से लगी या मारपीट में जख्मी हुआ, यह संशय बना है। इस मामले में देररात अशफाक की तहरीर पर पार्षद सरफराज, भतीजे राजू, नस्सर, नफीस, रुस्तम के खिलाफ बलवा, मारपीट, धमकी, जानलेवा हमला समेत अन्य धाराओं में मुकदमा लिखा गया है। जबकि राजू की तहरीर पर रेस्टोरेंट मालिक अशफाक, सलमान, अंसार, फैजान और आरिफ के खिलाफ एफआईआर हुई है।