रामपुर गार्ड स्थित एकेसी हुंडई शोरूम के सामने कार चालक ने इधर से गुजरे स्कूटी सवार पतंग कारोबारी को टक्कर मार दी। इसको लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इसको लेकर मौके पर काफी हंगामा हो गया और चौकी चौराहे से गांधी उद्यान की तरफ आने वाले रोड पर जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस कार चालक और शोरूम के एक कर्मचारी को पकड़कर चौकी ले गई। साथ ही पतंग कारोबारी भी पहुंच गए। काफी देर तक बातचीत के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
शुक्रवार दोपहर साढे़ तीन बजे शहर के मोहल्ला सराय खाम निवासी पतंग कारोबारी इनाम अली स्कूटी से एकेसी हुंडई शोरूम के सामने से गुजरे। इसी दौरान उनकी स्कूटी को कार चालक संजय ने टक्कर मार दी। स्कूटी सड़क पर गिर गई। इनाम अली ने इसका विरोध किया तो कहासुनी होने लगी और बात बढ़ने पर मारपीट हो गई। इसको लेकर मौके पर काफी भीड़ लग गई। इनाम अली ने शोरूम कर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया। सूचना पर चौकी चौराहा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पुलिस संजय व शोरूम के एक अन्य कर्मचारी को पकड़कर चौकी ले गई। पतंग कारोबारी भी चौकी पहुंच गए। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। चौकी इंचार्ज वीरेंद्र सिंह राणा ने बताया कि स्कूटी में कार की टक्कर लगने को मामूली विवाद हो गया था। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।