Pirates drew four hundred kilometers passengers
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
ट्रेन में मोबाइल लूटकर भाग रहे लुटेरों में से एक लुटेरे को यात्री ने ट्रेन से कूदकर पकड़ लिया। ट्रेन की सुरक्षा में चल रहे एस्कार्ट के अलावा खन्ना रेलवे स्टेशन की जीआरपी, अंबाला, सहारनपुर में यात्री ने लुटेरों को देकर शिकायत करने की कोशिश की, लेकिन उनकी किसी ने नहीं सुनी। इस पर यात्री साढे़ चार सौ किलोमीटर का सफर कर लुटेरे को पकड़कर बरेली ले आया और यहां जीआरपी को सौंपा है। यहां पुलिस पूछताछ कर रही है।
बारादरी इलाके के एजाज नगर गौटिया निवासी अजीम जरी कारोबारी हैं। वह पंजाब के लुधियाना से जरी का कारोबार करते हैं। बृहस्पतिवार रात वह किसान एक्सप्रेस में लुधियाना से सवार हुए थे। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे पंजाब के खन्ना रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकने पर उन्होंने घर बात करने के लिए जेब से मोबाइल निकाला। इसी दौरान ट्रेन में खड़े दो युवकों ने झपट्टा मारकर मोबाइल छीन लिया और ट्रेन से कूदकर भागने लगे। अजीम भी ट्रेन से कूदे और स्टेशन पर पीछा करके एक लुटेरे को पकड़ लिया। उन्होंने इसकी सूचना खन्ना स्टेशन की पुलिस के अलावा ट्रेन में चल रहे एस्कार्ट को दी, लेकिन किसी ने नहीं सुना तो वह इस लुटेरे को अपने साथ ट्रेन में बैठाकर लेकर चल दिए। अंबाला, सहारनपुर जीआरपी वालों ने भी शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर अजीम लुटेरे को बरेली जीआरपी ले आए। यहां उसे हवालात में डाल दिया गया। मोबाइल लूटकर भागने वाले उसके साथी से संपर्क किया गया। जिसने मोबाइल लूटना स्वीकार किया। इंस्पेक्टर जीआरपी सुनील दत्त ने बताया कि पकड़े गए लुटेरे ने अपना नाम विजय बताया है जो खन्ना का ही रहने वाला है। उसके साथी के बारे में पता लगाया जा रहा है। उसके पकड़े जाने के बाद ही मोबाइल बरामद हो सकेगा।