साप्ताहिक बाजार में आलू प्याज के फड़ पर काम कर रही आठ साल की बच्ची को दो सौ रुपये का लालच देकर दरिंदा सुनसान इलाके में ले गया और दुराचार कर डाला। बच्ची के रोने पर उसने जान से मारने की धमकी दी और भाग गया। शिकायत करने पर घर में घुसकर परिवार के लोगों को भी धमका आया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बच्ची को मेडिकल के लिए भेजा गया है।
दरिंदगी की यह घटना सोमवार दोपहर तीन बजे की है। कस्बे का एक आलू-प्याज कारोबारी साप्ताहिक बाजार में फड़ लगाता है। तीन बजे उसकी आठ साल की मासूम बेटी बाजार में फड़ पर प्याज के ढेर से खराब प्याज बीनकर अलग कर रही थी। इसी बीच शेखूपुरा मोहल्ले का शराब का लती 20 वर्षीय दिलशाद वहां पहुंच गया। बच्ची को अकेली पाकर उसने दो सौ रुपये का लालच दिया और अपने साथ खेत की तरफ सुनसान जगह पर ले गया। वहां उसने अश्लील हरकतें करते हुए बच्ची से रेप कर दिया और उसे बदहवास हालत में छोड़कर फरार हो गया। रोती हुई बच्ची घर पर आई और मां को घटना के बारे में बताया। इसके बाद वह बच्ची के घर के इर्दगिर्द घूमता रहा। उसे जानकारी हुई कि बच्ची के घर वाले उसके खिलाफ कार्रवाई के मूड में हैं तो वह घर जा धमका। उसने बच्ची और उसके परिवार वालों को कार्रवाई करने पर देख लेने की धमकी दी। इस पर दहशत में आए घर वाले थाने पहुंच गए। उन्होंने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। बाद में पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी दिलशाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। घटना की विवेचना एसआई अशोक कुमार को सौंपी गई है।
सतेंद्र सिंह यादव प्रभारी निरीक्षक
पहले भी बच्चियों के साथ हो चुकी है दरिंदगी
मीरगंज। दरिंदों के बुलंद होते हौसलों से कस्बे की मासूम बच्चियां असुरक्षित हैं। 6-8 साल की मासूम बच्चियों को जंगल में ले जाकर रेप की घटनाएं यहां पहले भी हो चुकी हैं। चार महीने पहले मेवात मोहल्ले का स्मैक-चरस का लती युवक ललितपुरी मोहल्ले की आठ साल की बच्ची को दो रुपये की टाफी दिलवाने का लालच देकर नथपुरा रोड पर जंगल की तरफ ले गया था और बच्ची से दुराचार किया था। बच्ची को कई दिन तक जिला अस्पताल में भर्ती रखना पड़ा था। तत्कालीन एसडीएम मेधा रूपम और पुलिस की सक्रियता से घटना के आठ-दस दिन बाद मेवात मोहल्ले के आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा था। डेढ़ साल पहले राजेंद्रनगर मोहल्ले की छह साल की बच्ची से भी रेप की घटना सामने आई थी। इस मामले में भी पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पड़ोस के कस्बा फतेहगंज पश्चिमी में भी छह महीने पहले सत्य-श्याम हास्पिटल के पास बस्ती की छह साल की बच्ची को फुसलाकर दरिंदा मौर्य ढाबा बाईपास के पास पोल्ट्रीफार्म के बगल की झाड़ियों में ले गया था और जोर-जबर्दस्ती से उससे दुष्कर्म कर भाग गया था। कई दिन बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया था।