मुरादाबाद की अदालत में जिला कारागार से पेशी पर ले जाते समय बरेली जिले में ट्रेन से कूदकर कैदी भागने के मामले में एसपी ने तीन सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। इन तीनोें सिपाहियों के खिलाफ बरेली जिले में मुकदमा भी दर्ज कराया गया है।
बताते चलें कि मुरादाबाद जेल में निरुद्ध रहे शातिर बदमाश हत्या अभियुक्त बब्बन पुत्र जहीर को वर्ष 2015 जुलाई में बाराबंकी जेल भेजा गया था। 9 जून को बब्बन को जिला कारागार से मुरादाबाद की अदालत में पेशी पर ले जाया जा रहा था। बब्बन के साथ सुरक्षा के लिए पुलिस लाइन से सिपाही जगतपाल सिंह, पवन कुमार सिंह व राजा सिंह को सुरक्षा के लिए भेजा गया था। चंडीगढ़ एक्सप्रेस से जाते समय बृहस्पतिवार 6 जून की भोर बब्बन बरेली जिले में विसारतपुर थानाक्षेत्र में रेलवे क्रॉसिंग के समीप ट्रेन से कूदकर भाग निकला था। इस दौरान अपराधी के पीछे कूदा सिपाही पवन कुमार भी घायल हो गया था। इस मामले में लापरवाही मिलने पर जहां बरेली में ही तीनों सिपाहियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। अब इन तीनोें को निलंबित भी कर दिया गया है। बाराबंकी पुलिस लाइन के आरआई बालकृष्ण यादव ने बताया कि तीनाें सिपाहियों को एसपी ने निलंबित कर दिया है।