मुरादाबाद के तैराक के साथ बरेली में राज्य स्तर की जूनियर स्वीमिंग प्रतियोगिता में हुई शर्मनाक हरकत पर खुद जिलाधिकारी ने संज्ञान लिया है। उन्होंने इस मामले पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी से रिपोर्ट मांगी है। उसी के बाद इस मामले पर आगे कड़ी कार्रवाई होगी।
शनिवार को स्वीमिंग प्रतियोगिता के पहले दिन खेल के बाद सभी तैराक हैरो स्कूल में रुके थे। यहां रात में बिजली जाने पर सभी तैराक ग्राउंड में आकर सो गए। मुरादाबाद टीम के दो तैराक ने मिलकर एक तैराक को नंगा कर दिया और उसके टूथपेस्ट पोत दिया। उसको ग्राउंड में दौड़ा कर पीटा गया और उसके साथ कुकर्म करने की कोशिश की गई। रात भर यह ड्रामा चलता रहा, लेकिन न तो टीम के कोच को कोई भनक लगी और न ही मैनेजर को। सुबह एक तैराक के पिता ने इसकी जानकारी टीम मैनेजर आसिफ को दी। आसिफ के आरएसओ से शिकायत करने पर मुरादाबाद टीम को प्रतियोगिता से बाहर कर दिया गया। इसी मामले पर डीएम गौरव दयाल ने बताया कि बच्चे के साथ घटना हुई है, लेकिन इसकी कोई लिखित शिकायत नहीं की गई है। फिर भी आरएसओ अरुणेंद्र कुमार पांडेय से रिपोर्ट मांगी गई है। दोषियों पर कार्रवाई होगी और आगे ऐसी घटना न हो इस पर नजर रखी जाएगी।
- उम्र को लेकर अब रहेगी सतर्कता
तैराकी प्रतियोगिता ही नहीं बल्कि होने वाली राज्य स्तर की कई प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की उम्र पर कोई खास ध्यान नहीं दिया जाता है। 17 वर्ष से ऊपर होने पर भी जूनियर प्रतियोगिता खिलाई जाती है। इसी लिए अब आयु प्रमाण पत्र के लिए नगर निगम के ही दस्तावेज मान्य होंगे। इसकी जगह पर आधार कार्ड को नहीं माना जाएगा। स्वीमिंग प्रतियोगिता में भी मुरादाबाद टीम के पास नगर निगम के दस्तावेज नहीं थे। इसलिए भी टीम को प्रतियोगिता से बाहर किया गया।