हाईवे पर कै म्फर फैक्ट्री के सामने सर्राफ मनोज सिंघल से बाइक सवार बदमाशों ने लूट की कोशिश की। बैग छीनने का विरोध करने पर फायरिंग की गई और एक बदमाश ने सर्राफ के मुंह पर पंच मारकर जख्मी कर दिया। सर्राफ के पड़ोस में सीबीगंज इंस्पेक्टर का किराए के घर में रहते हैं। सर्राफ की तहरीर पर मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
थाना सीबीगंज की बेस्ट एंड कॉलोनी निवासी मनोज सिंघल की फतेहगंज पश्चिमी की गल्ला मंडी में सिंघल ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। देर शाम को वह दुकान से स्कूटी पर सवार होकर घर लौट रहे थे। गले में बैग लटका था। बैग में जेवर और नगदी समेत करीब चार लाख रुपये का माल रखा था। हाइवे पर कैंम्फर गेट के सामने पीछे से तीन बाइक सवार बदमाश आए गए। उन्होंने स्कूटी के आगे बाइक लगाकर रोक ली। दो बदमाशों के पास तमंचे थे। जबकि एक के पास पंच था। बाइक से उतरते ही दो बदमाशों ने सर्राफ पर तमंचा तान दिया। एक बदमाश ने उसके गले से बैग छीनने की कोशिश की, लेकिन सर्राफ ने विरोध करना शुरू कर दिया। बदमाश ने गुस्से में सर्राफ के मुंह पर हमला करके घायल कर दिया। लेकिन इसके बाद भी सर्राफ ने हौसला नहीं छोड़ा। वह बैग के साथ कैम्फर फैक्ट्री के अंदर दौड़ गया। बदमाशों ने फायरिंग करके सर्राफ को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका। इस पर बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन की। मामले में सर्राफ की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। लेकिन अभी तक किसी का सुराग नहीं मिला है। सीओ धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि लुटेरे शायद दुकान से ही पीछे लगे थे। रैकी करके लूट की घटना को अंजाम देने की कोशिश की गई है।