बरेली। तमंचे के बल पर मां-बेटे के साथ हुई लूट की तहरीर चौकी इंचार्ज ने दबा दी। बताया जाता है कि उन्होंने पीड़ित को 60 हजार रुपये दिलाने और मामला रफादफा कराने की कोशिश की। जानकारी पर एसओ ने चौकी इंचार्ज की फटकार लगाई तो उन्होंने संदेह के घेरे में आए एक युवक को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी।
ऋषिकेश (उत्तराखंड) के श्यामपुर निवासी अशोक कुमार के सुभाषनगर निवासी मामा का निधन हो गया था। 31 जनवरी को वह अपनी मां के साथ मामा के घर आए थे। सुबह साढ़े चार बजे तीन बदमाशों ने खन्ना बिल्डिंग वाली गली में मां-बेटे को घेर लिया। और कनपटी पर तमंचे रख दिए। बदमाशों ने तमंचे के बल पर अशोक से 4500 और उनकी मां के सोने के टॉप्स लूट लिए। अशोक ने मामले की तहरीर सुभाषनगर चौकी इंचार्ज शर्मिला शर्मा को दी और एक लड़के का हुलिया बताया। चौकी इंचार्ज इस लड़के को पकड़ लाईं। आरोप है कि उन्होंने तहरीर दबाते हुए पीड़ित से 60 हजार रुपये लेकर मामला रफादफा करने को कहा। संदेह के घेरे में आए युवक को चौकी इंचार्ज राजीनामा कराने को दो दिन चौकी में बैठाए रहीं। जानकारी होने पर एसओ सतीश यादव ने चौकी इंचार्ज को फटकार लगाई तब उन्होंने युवक से पूछताछ की। एसओ ने बताया कि छानबीन कराकर कार्रवाई की जा रही है।