Animal thieves kill the villager in the royal
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
बेखौफ पशु चोरों ने रविवार आधी रात शाही के बिहारीपुर गांव में 50 साल के किसान रंजीत की गोली मारकर हत्या कर दी। वे पशु चुराने आए थे। जाग जाने पर किसान ने विरोध किया तो उस पर गोलियां बरसा दीं। चीख पुकार और फायरिंग की आवाज सुनकर गांव वाले दौड़कर पहुंचे तब तक चोर पशुओं को वहीं खुला छोड़कर भाग गए। इस वारदात से गांव में सनसनी मच गई। एसओ, चौकी इंचार्ज समेत पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची मगर चोर हाथ नहीं आए।
वारदात रात करीब पौने एक बजे हुई। रंजीत की पशुशाला गांव से दूर स्कूल के पास बनी है। वहां चार पशु बंधे रहते हैं। रंजीत रात में पशुशाला में ही सोते थे। घर पर पत्नी और चार बच्चे थे। रविवार रात खाना खाकर वह सोने चले गए थे। आधी रात उन्हें खटपट की आवाज सुनाई दी तो जाग गए। अचानक उन्होंने चिल्लाना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो रंजीत की लहूलुहान लाश पड़ी थी। चारों पशुओं की रस्सी खुली थी। ग्रामीणों ने दस मिनट बाद एसओ अनिल सिरोही, चौकी इंचार्ज दुनका वेदपाल को बुला लिया। एसपी देहात यमुना प्रसाद भी मौके पर पहुंच गए।