सीबीगंज (बरेली)। बारिश के चलते सीबीगंज और करमपुर चौधरी में मकान गिर पड़े। मलबे में दबकर परिवार वालों को चोटें भी आईं। इनमें से एक बच्चे की हालत गंभीर है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लगातार हुई बारिश के दौरान शनिवार रात करीब ढाई बजे सीबीगंज के गांव गोविंदापुर में बबलू का मकान भरभराकर गिर पड़ा। उस समय बबलू, उनकी पत्नी महनाज, बेटा राकिफ, शाकिर, आकिल और पुत्री आलिया सो रहे थे। मलबा गिरने से सभी उसमें फंस गए। आसपास के लोगों ने उन्हें निकाला, सभी को हल्की चोटें आईं। निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी छुट्टी कर दी गई।
इसके अलावा रविवार को पूर्वाह्न करीब 11 बजे करमपुर चौधरी में नवी जान के मकाल के एक हिस्से का लिंटर गया। उस हिस्से में कैसर अली का परिवार किराए पर रहता है। मलबा गिरने से कैसर अली की पत्नी फूल बानो और बेटा मुजम्मिल को चोटें आईं। सिर में ज्यादा चोटें आने के कारण मुजम्मिल की हालत गंभीर है, उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा हजियापुर में रविवार को एक ट्रांसफार्मर की फाउंडेशन धंस गई। सूचना पर पहुंचे पार्षद रईस मियां अब्बासी ने बिजली कर्मचारियों को बुलाया और ईंटें लगवाकर उसकी मरम्मत कराई।