बरेली। पॉश कॉलोनी जगदीश विहार में पकड़े गए करोड़पति जुआरियों को छुड़ाने की नेता जी और उनके बेटे की पैरवी सीओ की मौजूदगी की वजह से जाया हो गई। हाई प्रोफाइल जुआ के लिए जगदीश विहार से लेकर ककोड़ा तक पूरी तैयारियां थीं। करोड़पति जुआरियों के इकट्ठा होने के बाद ककोड़ा जाने के लिए तीन इनोवा बुक हुई थी, लेकिन ठीक समय पर पहुंची नहीं। इसके चलते जुआरी मुकुल के मकान में ही बिसात बिछाकर बैठ गए और पकड़े गए।
चर्चा के मुताबिक एएसपी अशोक मीणा खुद जुआरी बनकर मौजूद थे। कौड़ियों के हर दांव पर लाखों लग रहे थे। यही वजह रही कि जुआरियों के हवालात तक पहुंचने के दौरान एक नेता जी और उनके बेटे की सिफारिशें भी काम नहीं आईं और जुआरियों को जेल जाना पड़ा। वहीं शनिवार को एसीजेएम द्वितीय की कोर्ट में जुआरियों की जमानत पर सुनवाई होने के बाद अर्जी खारिज कर दी गई है। वहीं, पुलिस में शनिवार को चर्चा रही कि 3.70 लाख ही दिखाए गए हैं जबकि व्यापारी 25 लाख से ज्यादा रुपये बता रहे हैं तो इस खेल में कौन-कौन शामिल हैं। वहीं छापेमारी के बाद पुलिस ने सवा चार लाख रुपये की बरामदगी का दावा किया था, लेकिन थाने की फर्द में 3.70 लाख रुपये ही दिखाए गए। सूत्रों के मुताबिक व्यापारियों के पास अधिकांश नकदी दो-दो हजार रुपये के नोट में थी। छोटे नोटों में रकम कम थी।
सिफारिशों के दौर के बीच भेजे गए थे जेल
एएसपी की छापामारी में पकड़े गए जुआरियों में अधिकांश व्यापारी थे। ऑनलाइन सट्टा कराने के आरोपी राजेंद्रनगर निवासी अनूप सक्सेना, राजेंद्र नगर का अंकित अरोड़ा, प्रेमनगर का ऋषभ, मनोज कुमार, प्रवीण, प्रभातनगर का प्रवीण, सिविल लाइंस का पवन मल्होत्रा, बांस मंडी का लवलेश कुमार, बानखाना का चेतन मल्होत्रा, रामपुर गार्डन का संतोष कुमार, आलमगिरीगंज का सचिन अग्रवाल, कालीबाड़ी का अजय अग्रवाल, बारादरी की सिटी हार्ट कॉलोनी का टिंकू अरोड़ा, माधोबाड़ी का अंकुर, सिकलापुर का पंकज अग्रवाल, वीर सावरकर नगर के हिमांशु को बृहस्पतिवार रात पकड़ने के बाद रात भर थाने की हवालात में ही रखा गया। शुक्रवार दोपहर प्रेमनगर पुलिस ने सिफारिशी दौर के बीच कोर्ट में पेश किया, जहां सेे उन्हें जेल भेज दिया।