बरेली। सराफ संतोष सिंह को गोली मारकर अधमरा करने और लूट की वारदात में शेर सिंह गिरोह के गुर्गों के शामिल होने की आशंका में पुलिस ने चार बदमाशों को उठाया है। यह बदमाश सिद्धार्थनगर इलाके में काफी सक्रिय हैं। लूट, जानलेवा हमले के केस भी इन पर दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने उनके वारदात में शामिल होने का खुलासा नहीं किया है। उनके जरिये हमलावरों का सुराग लगाने की कोशिश की जा रही है। वहीं परिवार के लोगों के इर्द गिर्द जांच करती पुलिस को सराफ के पूरी तरह होश में आने का इंतजार है, ताकि बदमाशों का हुलिया पता किया जा सका।
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस ने सराफ के भाई दीपक सिंह की रिवाल्वर और कारतूस अपने कब्जे में लिए थे। शनिवार देर शाम रिवाल्वर वापस कर दी गई। परिवारवालों ने जिन लोगों पर वारदात में शामिल होने का शक जाहिर किया था, पुलिस तफ्तीश में वारदात के वक्त उनकी लोकेशन अलग-अलग मिली। उनके बयान भी जांच में सही पाए गए।
यह है वारदात
गुरुवार शाम राजेंद्रनगर में नीलकंठ मंदिर के पास रहने वाले सराफ संतोष सिंह को परतापुर चौधरी स्थित दुकान से लौटते वक्त गोली मार दी गई थी। बड़े भाई दीपक सिंह ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया था। परिवार के एक सदस्य ने रुपये हड़पने के लिए परतापुर के ही एक जरी कारोबारी पर हमला करने का आरोप लगाया है।