शराब के लिए रुपये न देने पर मठिया कॉलोनी में बुधवार सुबह एक व्यक्ति ने 65 वर्षीय पत्नी को कुल्हाड़ी से काट डाला। घटना के बाद भागने से पहले ही पड़ोसियों ने उसे मकान में बंद कर दिया तो उसने कमरे में आग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
मठिया कॉलोनी में रहने वाली रामबेटी ने कुछ दिन पहले एक बकरा बेचा था। बिक्री की इस रकम पर पति गजराज उर्फ गज्जू की तभी से निगाह थी और केवल शराब के इंतजाम के लिए। बुधवार सुबह लगभग 10 बजे रामबेटी से रुपये मांगे तो उसने मना कर दिया। इस पर गज्जूू ने कहा कि बकरे वाले जो रुपये हैं, वह लाकर दे दो। रामबेटी ने उन रुपयों को भी देने से इंकार कर दिया। झगड़ा बढ़ा तो गज्जूू ने पत्नी को उल्टा सीधा कह दिया, तब उसने पति को जमकर लताड़ लगा दी। इस पर गज्जूू ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और रामबेटी के चेहरे और सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रामबेटी के कोई संतान नहीं है, इसलिए उसे बचाने वाला भी कोई नहीं था। दंपति घर में अकेले ही रहते थे।