बड़ा बाईपास पर नवदिया झादा गांव के पास बेकाबू डीसीएम ने बाइक सवार वुडरो स्कूल के दो छात्रों को रौंद दिया। नारायनी देवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य के बेटे सुमित चौहान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी बुरी तरह जख्मी हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। घायल छात्र को निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। घटना के बाद चालक डीसीएम छोड़कर फरार हो गया।
फरीदपुर के मोहल्ला कानून गोयान निवासी नारायनी देवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अतुल प्रताप सिंह का बेटा सुमित चौैहान (18) पीलीभीत बाईपास रोड स्थित वुडरो स्कूूल में कक्षा ग्यारह का छात्र था। फरीदपुर कस्बे के ही मोहल्ला कास्सवान निवासी मोहम्मद इदरीश कुरैशी का 17 वर्षीय बेटा शुएब कुरैशी भी इसी स्कूूल में पढ़ता है। दोनों दोस्त कॉमर्स के छात्र हैं। शनिवार को स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों बुलेट पर सवार होकर घर लौट रहे थे। पीलीभीत बाईपास रोड से दोनों छात्र रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज रोड होकर बड़ा बाईपास की तरफ जा रहे थे। बाइक शुएब चला रहा था। अपराह्न करीब दो बजे नवदिया झादा चौराहे पर जैसे ही उनकी बाइक बड़ा बाईपास पर चढ़ी, रामपुर की तरफ से तेज गति से आ रही डीसीएम ने बाइक को रौंद दिया। बाइक डीसीएस में फंस गई। सुमित बुरी तरह से कुचल गया। शुएब उझलकर दूर जा गिरा। उसकी टांग टूूट गई और शरीर में भी कई जगह गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद चालक डीसीएम छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर 100 डायल के पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए। थोड़ी देर बाद बिथरी चैनपुर थाने के प्रभारी राजेश सिंह मौके पर पहुंच गए। उनके पास से मिले आई कार्ड के आधार पर परिवारवालों को सूचना देकर बुलाने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिवारवालों को सौंप दिया। सीओ तृतीय नीति द्विवेदी ने बताया कि सुमित के परिवारवालों की तहरीर पर डीसीएम चालक के खिलाफ मुकदमा लिखाकर उसके बारे में पता कराया जा रहा है।
हेलमेट की वजह से शुएब की जान बच गई
बाइक चलाते समय हेलमेट जरूर पहनना चाहिए। शनिवार को बड़ा बाईपास पर हुए हादसे में हेलमेट पहनने की वजह से ही शुएब की जान बच गई, जबकि उसके साथी सुमित की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, जिस बाइक से हादसा हुआ वह शुएब की है। हादसे में बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। शुएब निजी अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती है। उसकी टांग टूट गई है और सिर में भी चोट लगी है।
खून पर मिट्टी को लेकर हंगामा
हादसे के बाद पुलिस कमियों ने सुमित चौहान के खून पर मिट्टी डाल दी थी। परिवार वाले मौके पर पहुंचे तो यह देखकर भड़क गए। कहने लगे कि पुलिस ने यह क्यों किया। इसे लेकर उन्होंने हंगामा भी दिया। बिथरी चैनपुर थाना प्रभारी ने किसी तरह से उन्हें समझाकर शांत किया।
बरेली में ही रहकर पढ़ता है सुमित का भाई
सुमित का छोटा भाई शिव प्रकाश बरेली में अपने रिश्तेदारी में रहकर राधा माधव स्कूल में पढ़ता है। परिवारवालों ने बताया कि फरीदपुर से वाहन का इंतजाम न होने की वजह से वे काफी परेशान रहते थे। मां सविता ने बताया कि उन्हें बेटे के स्कूल से लौटने तक इंतजार रहता था। मन में जो डर था, वही हो गया। हादसे में बेटे की मौत से सविता बदहवास हैं।