बरेली। थाना भोजीपुरा के दरोगा हरपत सिंह की करतूत ने अफसरों का भी सिर शर्म से झुका दिया। थाने में मारपीट के आरोप में तहरीर दिए जाने के बाद वादी पक्ष की ‘फरमाइश’ पर इस दरोगा ने आरोपी के 70 वर्षीय वृद्ध पिता को प्रताड़ित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। पहले तो उन्हें उनके घर के सामने ही सारे गांव वालों के बीच थप्पड़ मारकर अपमानित किया, फिर थाने लाकर उन पर जमकर डंडा चलाया। इसी दौरान सिर में डंडा लगने से वृद्ध की हालत बिगड़ गई। बुधवार को उन्हें मरणासन्न हालत में बरेली लाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। एडीजी ने घटना संज्ञान में आने के बाद नाराजगी जताई तो एसपी सिटी घायल वृद्ध का हालचाल लेने अस्पताल पहुंचे। एसपी देहात ने बताया कि आरोपी दरोगा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर उसे सस्पेंड कर दिया गया है।
भोजीपुरा के गांव इटौआ केदारनाथ में रहने वाले 70 वर्षीय टीकाराम सरकारी स्कूल के प्रधानध्यापक पद से रिटायर हुए हैं। गांव के ही देवीदास ने उनके बेटे ताराचंद के खिलाफ मारपीट की तहरीर थाना भोजीपुरा में दी थी। इसके बाद हल्का दरोगा हरपत सिंह हमराह सिपाहियों के साथ चार जनवरी को प्राइवेट गाड़ी से टीकाराम के घर पहुंचकर उन्हें उठाकर थाने ले आया। परिवार का कहना है कि हरपत ने घर के सामने ही टीकाराम को अपमानित करने के लिए उन्हें थप्पड़ मारते हुए गाड़ी में डाला। फिर थाने में भी उनकी पिटाई की। बेटे ताराचंद के थाने पहुंचने के बाद टीकाराम को गंभीर हालत में छोड़ा गया। ताराचंद का शांतिभंग करने के आरोप में चालान कर दिया गया।
एडीजी ने नाराजगी जताई तो हुई सख्त कार्रवाई
बुधवार को टीकाराम के बेटे ताराचंद के साथ आए पूरे परिवार ने एडीजी प्रेम प्रकाश से इंसाफ की फरियाद की। एडीजी के आदेश पर एसपी सिटी अभिनंदन ने अस्पताल पहुंचकर बुजुर्ग शिक्षक का हालचाल लिया। बुजुर्ग शिक्षक की नाजुक हालत देखते हुए एसपी देहात डॉ. संसार सिंह ने दरोगा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर उसे सस्पेंड करने के आदेश जारी किए हैं। बताया जा रहा है कि इससे पहले टीकाराम के परिवार ने एसएसपी मुनिराज जी. से शिकायत की थी। जांच में दरोगा हरपत सिंह की गलती मिलने पर उसे लाइन हाजिर कर दिया गया था। एसपी देहात खुद मामले की जांच कर रहे थे।
डॉक्टरों ने बुजुर्ग शिक्षक को दिल्ली रेफर किया
एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती बुजुर्ग टीकाराम की हालत काफी नाजुक बनी हुई है। अस्पताल के डॉ. विनोद पागरानी के मुताबिक रिटायर्ड शिक्षक का जीवन बचने की गुंजाइश कम ही है। उनके सिर में खून का थक्का बना गया है। चोट किसी डंडे जैसी चीज की है। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें दिल्ली रेफर किया गया है।
दरोगा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। उसको निलंबित कर दिया है। जांच एसपी देहात को सौंपी गई है। डॉक्टरों से बात करके बुजुर्ग को बचाने के लिए कहा गया है। - मुनिराज जी. एसएसपी बरेली