फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

 हरूनगला में करंट से तीन मौतें : पीड़ितों की नहीं पुलिस को अमीरों की चिंता

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। हरूनगला में एक ही परिवार के तीन मजदूरों की पोल में हाईटेंशन लाइन का करंट उतरने से मौत हो जाने की घटना के बाद पुलिस इस मामले में अपनी तरह से कार्रवाई करने पर अड़ी हुई है। हरूनगला सब स्टेशन के जेई मनीराम सिंह ने बारादरी पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि मेसर्स रिलायंस जियो इंफोकॉम लिमिटेड के ठेकेदार विजय शर्मा और वंशीधर कुमार सिंह बिना अनुमति काम करा रहे थे। सुरक्षा की दृष्टि से शटडाउन भी नहीं लिया गया। लिहाजा ठेकेदारों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की जाए, लेकिन इंस्पेक्टर बारादरी कृष्णवीर ने बुधवार शाम विधिक राय लेेने के बाद बताया कि सुभाष के रिश्ते के भाई ऋषिपाल की ओर से एफआईआर दर्ज हो चुकी है, अब इसी एफआईआर में बिजली विभाग की तहरीर को शामिल किया जाएगा। उनका कहना है कि कि ठेकेदार विजय शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है। अब मेसर्स रिलायंस जियो इंफोकॉम लिमिटेड और ठेकेदार वंशीधर कुमार सिंह के नाम भी खोले गए हैं।
विज्ञापन


कार्यालय पर ताला
गैर इरादतन हत्या के आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ठेकेदार के कार्यालय पर गई थी, लेकिन वहां ताला लगा हुआ मिला। अब पुलिस जियो कंपनी के स्थानीय अधिकारियों से संपर्क साध रही है। इससे पहले भी बड़ा बाईपास पर जिओ कंपनी के केबिल डालने के लिए खोदे गए गड्ढे की मिट्टी ढहने से पश्चिम बंगाल के छह मजदूरों की दबने से मौत हो गई थी। बारादरी पुलिस ने दो ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर लिखकर चार्जशीट लगाई थी। यह मामला कोर्ट में चल रहा है।

इस तरह हुआ था हादसा
हरूनगला स्थित क्रिस्टल कॉलोनी में बिना शटडाउन लिए टेलीकॉम कंपनी का खंभा शिफ्ट करा रहे ठेकेदार की लापरवाही से तीन जानें चली गईं थी। शिफ्ट करने के दौरान खंभा ऊपर गुजर रही 11 हजार केवी की एचटी लाइन से छू गया। इससे तेज धमाके के साथ खंभे में करंट उतर आया। वहां काम कर रहे फरीदपुर के गांव सिसईया निवासी सुभाष कुमार, उनके दामाद अनूप निवासी गांव सिंगरोई (बदायूं), उनके भांजे उदयवीर पुत्र भजनलाल निवासी फरीदपुर, अनूप के चाचा हरिओम पुत्र धर्मपाल निवासी फरीदपुद और सुरेश कुमार सिंह निवासी कुर्मांचलनगर इसकी चपेट में आ गए। मौके पर ही सुभाष कुमार, अनूप और उदयवीर की मौत हो गई थी। यहां गुजरने वाली हाईटेंशन लाइन का तार ढीला होने से नीचे लटक रहा था।
विज्ञापन


विधिक राय लेने के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों से मिली तहरीर को पहले से दर्ज एफआईआर में शामिल कर लिया गया है। ठेका कंपनी और ठेकेदारों के खिलाफ पुलिस शिकंजा कर रही है। - अशोक मीना, सीओ तृतीय

मातमी माहौल में सुभाष और उदयवीर का अंतिम संस्कार अनूप के शव को बदायूं भेजा गया

 एक ही परिवार के तीन लोगों की असमय मौत से गमजदा हुए सिसईया गांव का दिल दो चिता एक साथ जलने के बाद रो पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद सुभाष और उदयवीर के शवों को गांव में लाया गया तो हुजूम उमड़ पड़ा। दर्दनाक मौत ने अंदर तक लोगों को तोड़ दिया था। इकट्ठा हुए लोग कभी ठेका कंपनी तो कभी ठेकेदारों को कोसते देखे गए। दोपहर करीब तीन बजे सुभाष के बेटे राहुल ने मुखाग्नि दी। जबकि उदयवीर के चचेरे भाई शिवचरन ने चिता को आग दी। इसके अतिरिक्त सुभाष के दामाद अनूप के शव को बदायूं उसके गांव भेजा गया। वहां दोपहर में उसका भी अंतिम संस्कार कर दिया गया।

घायल मजदूरों की हालत गंभीर
 इंस्पेक्टर कृष्णवीर ने बताया कि मृतक अनूप के चाचा हरिओम निवासी फरीदपुर और सुरेश कुमार सिंह निवासी कुर्मांचलनगर दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। मेडिसिटी अस्पताल में उनका इलाज कराया जा रहा है। उनकी तबीयत के लिए पुलिस लगातार डॉक्टरों के संपर्क में बनी हुई है। दोनों ही आईसीयू में है। करंट लगने की वजह से उनकी खाल कई जगह से फट गई है। दर्द से अक्सर वह कराहते रहते हैं। उनकी हालत देखकर परिजनों के आंसू नहीं थम रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें