लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस में महिला यात्रियों से लूटपाट
पीतांबरपुर स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही कोच में चढ़े बदमाश
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। पीतांबरपुर स्टेशन (फरीदपुर) पर सिग्नल न मिलने की वजह से शनिवार सुबह 3:20 बजे खड़ी हुई चंडीगढ़ एक्सप्रेस के महिला कोच में बदमाशों ने जमकर लूटपाट की। महिलाओं ने विरोध किया तो लुटेरों ने उन्हें बेरहमी से पीटा। इसमें छह महिलाएं घायल हो गईं। घटना की रिपोर्ट लिखाने के लिए चंदौसी के जीआरपी थाने में सूचना दी।
बदमाशों की संख्या चार थी। इनमें से दो बदमाश बाहर ही खड़े रहे, जबकि कोच में घुसे दो बदमाशों ने महिलाओं को धमकाकर उनसे पर्स, बैग, जेवर छीनने शुरू कर दिए। कुछ महिलाओं ने हिम्मत करके लुटेरों का विरोध किया तो उन्होंने बेरहमी से पीटा। कोच में चीख पुकार मच गई, लेकिन महिला कोच सबसे पीछे होने के कारण स्टेशन मास्टर घटना से अनभिज्ञ रहे। करीब 15 मिनट तक लूटपाट करने के बाद बदमाश उतर गए। इसके बाद महिलाओं ने आरपीएफ की हेल्प लाइन 182 पर डायल किया लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। ट्रेन सुबह 5:40 बजे चंदौसी स्टेशन पहुंची। वहां महिलाओं ने जीआरपी थाने में सूचना दी, मगर ट्रेन तुरंत चल देने के कारण रिपोर्ट नहीं लिखा सके। जीआरपी चंदौसी एसओ रविमोहन शर्मा ने बताया कि उन्होंने बरेली थाने को जानकारी दे दी। बरेली के जीआरपी इंस्पेक्टर विजय कुमार का कहना है कि बदमाश पीतांबरपुर स्टेशन से नहीं बल्कि शाहजहांपुर से ट्रेन में चढ़े थे। जब ट्रेन रुकी उतरने के लिहाज से वहीं लूटपाट की।