बरेली। सिंडिकेट बैंक की किला शाखा में 2.28 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है। बैंक प्रबंधक ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। इसमें एक कर्मचारी पर उन्होंने शक जताया है।
एसएसपी मुनिराज जी. को की गई शिकायत में ब्रांच मैनेजर विवेक कुमार ने कहा है कि बैंक से दो लाख 28 हजार रुपये गायब हो गए हैं। हिसाब-किताब के दौरान इसका खुलासा होने के बाद बैंक में हड़कंप मच गया। इस मामले में एक महिला कर्मचारी की संलिप्तता बताई जा रही है। इसके चलते बैंक प्रबंधन ने पहले तो मामले को अंदर ही अंदर निपटाने की कोशिश की लेकिन जब बात नहीं बनी तो पुलिस तक शिकायत पहुंची। एसएसपी ने इंस्पेक्टर किला धर्मेंद्र कुमार को जांच के बाद कार्रवाई का आदेश दिया है। वहीं, इंस्पेक्टर ने एसएसपी का पत्र न मिलने की बात कही है। चर्चा है कि पुलिस महिला कर्मचारी होने के नाते इस मामले में सख्ती से बच रही है।