बरेली। अपराधी प्रवृत्ति के एक व्यक्ति के कहने पर उसकी पत्नी ने एक व्यक्ति पर दुष्कर्म का आरोप लगा दिया। एसएसपी के यहां से पत्रावली परिवार परामर्श केंद्र आई तो पता लगा कि आरोपी से एक लाख रुपये लेकर महिला का पति फरार है। रुपये न लौटाने पड़ें, इसलिए उसने पत्नी पर दबाव बनाकर दुष्कर्म की तहरीर दिलवा दी है। आरोपी ने कहा कि वह रुपये का तकाजा नहीं करेगा, लेकिन अब उस पर कोई इल्जाम न लगाया जाए। इस पर महिला ने हामी भर ली। साथ ही पति पर देह व्यापार में धकेलने का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की।
सीबीगंज इलाके की एक महिला ने परामर्श केंद्र में काउंसलर वीके अग्रवाल और पुलिस को बताया कि उसका पति कोई काम नहीं करता है। गलत धंधों में रहता है। पति ने भुता के एक व्यक्ति से एक लाख रुपये ब्याज पर लिए थे। जब इस व्यक्ति ने रुपये लौटाने का दबाव बनाया तो पति ने उसे घर दावत पर बुलाया और फिर उससे शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। उसने विरोध किया तो पीटा और खुद कहीं चला गया। जब यह व्यक्ति घर पर तकाजा करने आने लगा तो उसने पति को फोन पर बताया। तब पति ने उससे जबरन उसके खिलाफ दुष्कर्म की तहरीर दिला दी। सच्चाई यह है कि वह किसी बेगुनाह पर कार्रवाई नहीं चाहती। बस इतना हो जाए कि उसके पति से रकम न वसूली जाए, उसके घर तकाजा करने कोई न आए। इस बात पर दोनों में सहमति बन गई।