मोहम्मदी। ट्रैक्टर चालक द्वारा साइड न देने पर हुए विवाद में कार पर सवार दो लोगों ने तलवार मारकर ट्रैक्टर चालक को जख्मी कर दिया जिससे मोहम्मदी-शाहजहांपुर मार्ग पर जाम लग गया। पुलिस ने किसी तरह जाम हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बताया गया कि मंगलवार को मोहल्ला बबौरी का रामनरेश ट्रैक्टर ट्रॉली से कच्ची ईंटें लेकर मोहम्मदी की ओर आ रहा था तभी शाहजहांपुर की ओर से आ रही कार पर सवार युवकों ने साइड मांगी इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया, मौका मिलते ही कार पर सवार युवकों ने ट्रैक्टर के आगे अपनी कार लगाकर ट्रैक्टर चालक को रोक लिया जिससे ट्रैक्टर पलट गया और हमलावरों ने उसपर तलवार से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। सड़क पर निकल रहे लोगों ने जब कुछ माजरा समझा तो वहां देखते देखते भीड़ लग गई और राहगीरों ने जाम लगाकर हमलावरों को घेर लिया, अपने को घिरा देख कार पर सवार हमलावर भाग खड़े हुए। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम हटवाया और जख्मी रामनरेश को नगर पालिका की एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया। जहां उसका उपचार किया गया। पुलिस ने रामनरेश की तहरीर पर बलविंदर सिंह और उसके पुत्र राणा सिंह निवासी पटई जिला शाहजहांपुर के खिलाफ मारपीट, गाली गलौज और हत्या के प्रयास आदि की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।