सीबीगंज (बरेली)।
ईद पर आम्रपाली मॉल में घूमने आए लड़कों ने अव्यवस्थाओं को लेकर जमकर उत्पात मचाया। मॉल में स्थित सिनेमा हॉल में तोड़फोड़ की गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लड़कों को समझाकर शांत कर दिया।
सोमवार को ईद पर इलाकाई लड़के घूमने के लिए आम्रपाल मॉल पहुंचे। यहां दोपहर से ही मॉल के मल्टीप्लेक्स सिनेमा हॉल में फिल्म देखने वालों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। रात नौ बजे कुछ युवकों ने सिनेमा हॉल की टूटी कुर्सियों पर बैठाने पर जमकर हंगामा किया। युवक हंगामा करते हुए सिनेमा हॉल से मॉल में आ गए और यहां तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस पर मॉल वालों ने पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने युवकों को पकड़कर समझाया। साथ ही युवकों ने भी माफी मांगी। इस पर पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया।