बिजुआ (लखीमपुर खीरी)। भीरा-बिजुआ मार्ग पर बृहस्पतिवार की दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे गन्ना भरे ट्रक से कुचलकर कक्षा तीन के छात्र की मौत हो गई। गन्ना भरा ट्रक मौके से भाग रहे ट्रक को लोगों ने पीछा कर रोक लिया, लेकिन चालक चालक भाग निकला। उत्तेजित लोगों ने ट्रक को पलट दिया और जमकर तोड़फोड़ करने के बाद जाम लगा दिया। मौके पर कई थानों की फोर्स के साथ पहुंचे सीओ पलिया ने लोगों को समझाबुझाकर शांत कराया। तब जाकर कहीं चार घंटे बाद जाम खुल सका।
थाना भीरा क्षेत्र के गांव पौथेपुरवा निवासी सुनील कुमार का पुत्र सौर प्रताप भीरा विवेकानंद अकेडमी में कक्षा तीन का छात्र यथा। वह बृहस्पतिवार की शाम साइकिल से अपने घर आ रहा था। नहर के पास बच्चा भीरा हाईवे पर आया। तभी ओवरलोड गन्ना भरकर तेज रफ्तार निकले ट्रक ने छात्र की साइकिल में टक्कर मार दी। इस दौरान साइकिल ट्रक में फंस गई। ट्रक साइकिल समेत बच्चे को काफी दूर तक घसीट ले गया। इस दौरान छात्र का सिर ट्रक के पहिया के नीचे आ गया, जिससे उसकी कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। कुछ दूरी पर चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। परिवार के लोग भी पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने बवाल शुरू कर दिया। पीछे से आए एक ट्रक में तोड़फोड़ करते हुए हाईवे पर जमा लगा दिया। हालात बेकाबू होते देख स्थानीय पुलिस ने अफसरों को मामले की सूचना दी। सूचना पर फूलेबहड़, फरधान सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। सीओ पलिया प्रदीप कुमार ने किसी तरह लोगों को समझाकर शांत कराया और शव पोस्टमार्टम को भेजा है। बवाल के चलते करीब चार घंटे तक भीरा हाईवे पर जाम लगा रहा।
छात्र की मौत से गुस्साए लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया था। एक ट्रक में तोड़फोड़ भी की है। लोगों को समझाबुझाकर शांत करा दिया गया है। ट्रक कब्जे में है। आरोपी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।
- प्रदीप कुमार, सीओ पलिया