पुवायां(शाहजहांपुर)। गांव उदना में दो पक्षों के बीच जमीन के विवाद में फायरिंग होने से गांव में अफरातफरी मच गई। हालांकि कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस ने दोनों ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव उदना निवासी अरुण कुमार ने पुलिस को बताया कि उसके और गांव के प्रधान हरीराम के बीच जगह के मामले में लोगों ने फैसला करा दिया था। बृहस्पतिवार को वह अपनी जगह में नींव खोद रहा था इस दौरान प्रधान हरीराम, प्रधान पुत्र पवन कुमार, पिंटू और टीटू मौके पर आकर गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर पवन कुमार ने लाइसेंसी रायफल से उसके सहित हरी नरेश, बबलू, मिंटू पर फायरिंग कर दी। उन लोगों ने भागकर जान बचाई। आरोपियों ने छप्पर भी फूंक दिया।
उधर दूसरे पक्ष से प्रधान हरीराम ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसका और हरी नरेश का बंटवारे का विवाद था, जिसमें रिश्तेदारों ने फैसला करा दिया था, लेकिन हरी नरेश, बबलू, अरुण कुमार, मिंटू, गांव पैगाुपर निवासी विजय कुमार संतुष्ट नहीं थे। बृहस्पतिवार को उक्त उनके घर में घुसकर गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर घर में रखा सामान फेंक दिया और सामान में आग लगा दी। परिवार के लोगों ने बुमश्किल घर में छिपकर जान बचाई। कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।