फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इज्जतनगर में चेकिंग कर रहे सिपाही को बदमाशों ने गोली मारी, फरार

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। इज्जतनगर इलाके के लालपुर गांव के पास चेकिंग के लिए रोकने की कोशिश करने पर बदमाशों ने एक सिपाही को गोली मार दी। साथी सिपाही धक्का मारकर बाइक पर सवार दो बदमाशों को नहर में गिराने में तो कामयाब हो गया लेकिन फिर भी वे बाइक छोड़कर फरार हो गए। पुलिस शुक्रवार को पूरे दिन बदमाशों का पता भी नहीं लगा सकी।
विज्ञापन

इज्जतनगर में लगातार गोकशी की घटनाओं के कारण बृहस्पतिवार रात लालपुर गांव में नहर के पास सिपाही श्यामसुंदर और ऋषभ यादव को पिकेट ड्यूटी पर तैनात किया गया था। शुक्रवार तड़के करीब 3.50 बजे दो बाइक इधर से गुजरीं। आगे वाली बाइक पर तीन और पीछे वाली पर दो लोग सवार थे। सिपाहियों ने चेकिंग के लिए टार्च दिखाकर उन्हें रोकने की कोशिश की तो आगे निकली बाइक पर सवार बदमाशों ने पीछे आ रहे अपने साथियों से उन्हें गोली मारने को कहा।
इस पर पीछे वाली बाइक पर बैठे बदमाश ने सिपाही श्यामसुंदर पर गोली चला दी। दाहिने पैर और बायें हाथ में गोली लगने के बाद श्यामसुंदर वहीं गिर पड़े। इसी बीच सिपाही ऋषभ ने उसकी बाइक को धक्का मारा तो दोनों बदमाश बाइक समेत नहर में जा गिरे। इस पर आगे बाइक पर निकले बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। सिपाही अपने बचाव को कोशिश में जुटे तो नहर में गिरे दोनों बदमाश भाग निकले। घटना की सूचना पर सीओ साद मियां खान, इंस्पेक्टर इज्जतनगर संजय कुमार धीर समेत आसपास मौजूद सभी पुलिसकर्मी पहुंच गए। घायल सिपाही श्यामसुंदर को जिला अस्पताल भिजवाने के साथ बदमाशों की तलाश शुरू की गई लेकिन उनका कुछ पता नहीं लगा। इस मामले में सिपाही ऋषभ की तहरीर पर पांच बदमाशों के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
विज्ञापन

सीओ साद मियां खान ने बताया कि मौके पर छूटी बदमाशों की बाइक का नंबर मिटा हुआ था। चेसिस नंबर के आधार हुई जांच में बाइक बारादरी के पुराना शहर निवासी अफसान अंसारी की निकली जो 24 मार्च को पुराना शहर से ही चोरी हुई थी। सीसीटीवी फुटेज की जांच में उसे चोरी करने वाले एक संदिग्ध का फोटो मिला है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
एडीजी समेत सभी अफसर मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना पर एडीजी राजकुमार, आईजी रमित शर्मा, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण, एसपी सिटी रवींद्र कुमार समेत कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया गया। बदमाशों की तलाश में पुलिस ने आसपास के इलाके में कांबिंग की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। घटना के खुलासे के लिए इज्जतनगर के अलावा सीबीगंज, भोजीपुरा, हाफिजगंज, बिथरी चैनपुर थाने की पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया है।
पशु तस्कर और चोरों पर शक
पिछले दिनों गोकशी की घटनाएं होने के कारण पुलिस इस वारदात में गोमांस तस्करों का हाथ होने का शक जता रही है। हालांकि गोमांस तस्कर ज्यादातर कार लेकर चलते हैं, इस वजह से चोरों पर भी शक जताया जा रहा है। बृहस्पतिवार रात में ही बिथरी क्षेत्र में चोरी होने के कारण भी पुलिस को चोरों पर ज्यादा शक है।
एडीजी का निर्देश, पांच साल से सक्रिय बदमाशों का पता लगाएं
घटना के खुलासे के लिए एडीजी राजकुमार ने इलाके में पांच साल में सक्रिय ऐसे बदमाशों का पता लगाने के निर्देश दिए हैं जो जेल से बाहर हैं। इसके लिए उन्होंने सर्विलांस और साइबर सेल की मदद लेने को कहा है। इससे पहले घटनास्थल पर एडीजी, आईजी और एसएसपी पहुंचे तो आसपास के कई गांवों के लोग भी वहां जमा हो गए। उन्होंने बताया कि इलाके में बदमाशों की आवाजाही रहती है। कुछ दिनों में गोकशी की भी कई घटनाएं हो चुकी हैं। एडीजी ने एसएसपी को पांच साल में जेल से छूटे सक्रिय बदमाशों की कुंडली खंगालने के निर्देश दिए। पशु तस्करों पर भी कड़ी कार्रवाई करने को कहा। लालपुर और उसके आसपास लगने वाली पिकेट में पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
पिकेट के सिपाहियों ने बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने फायरिंग कर दी। एक सिपाही के पैर में गोली लगी है। इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराकर बदमाशों की तलाश कराई जा रही है। - रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें