बिसौली। सहसवान रोड के कुडोली मोड़ पर ट्रैक्टर को ओवरटेक करने पर दो बाइक की आमने सामने टक्कर हो गई, इसमें बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक के पिता समेत तीन लोग घायल हो गए।
मंगलवार शाम नगर के कुडोली मोड़ के नजदीक बिल्सी से आ रही बाइक ट्रैक्टर को ओवरटेक कर भवानीपुर जा रही बाइक से टकरा गई। इस दौरान दोनों बाइक ट्रैक्टर से भी टकराईं। इससे वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव भवानीपुर निवासी बाइक सवार 27 साल के हुकुम सिंह की मौत हो गई। जबकि उसके पिता नत्थू पासी गंभीर घायल हो गए। इसके अलावा दूसरी बाइक पर सवार कोतवाली क्षेत्र के गांव कालूपुर निवासी मंगली (23) तथा जीतपाल (27) वर्ष गंभीर घायल हो गए। सूचना पर बुध बाजार चौकी प्रभारी सौवीर सिंह मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने ट्रैक्टर व दोनों बाइक कब्जे में ले लीं। मृतक की पत्नी रामवती सहित तीनों बच्चों का रो रोकर बुरा हाल है। हुकुम सिंह बिल्सी से दावत खाकर लौट रहा था। संवाद