पीलीभीत। लापता किशोरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ पर दुपट्टे से लटका मिला। ग्रामीणों ने शव लटका देख कर मामले की सूचना परिवार और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना गजरौला के गांव विधिपुर भुडिया नागवा निवासी एक ग्रामीण ने बताया कि उसकी 15 वर्षीय बेटी 27 अगस्त की शाम छह बजे रहस्यमय ढंग से घर से लापता हो गई थी। उसकी तलाश की तो जानकारी मिली कि गांव का रहने वाला एक युवक उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। मामले की जानकारी होने के बाद परिवार वालों ने थाना गजरौला क्षेत्र में तहरीर दी थी। पुलिस के अनुसार रिपोर्ट दर्ज करने के बाद शनिवार रात दबिश देकर युवक को पकड़ लिया था। लेकिन किशोरी नहीं मिली थी। इधर, शनिवार रात 11 बजे किशोरी का शव गांव से 800 मीटर दूर एक पेड़ पर दुपट्टे से लटका मिला। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसी दौरान पहुंचे परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई। इस संबंध में एसएसपी दिनेश कुमार पी ने बताया कि पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पोस्टमार्टम में लटकने से मौत की पुष्टि
पेड़ पर लटके मिले किशोरी का पोस्टमार्टम पैनल के द्वारा कराया गया। डॉक्टरों के द्वारा देर शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि हुई हैं। हालांकि पुलिस अभी मामले की जांच कर रही हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि भी हुई है। परिवार की ओर से सिर्फ गुमशुदगी दर्ज कराई गई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। - लल्लन सिंह सीओ सिटी