डीडीपुरम में रविवार रात हुई घटना, मौके पर पहुंची पुलिस
बरेली। महिला सपा नेता नीरज तिवारी और उनके बेटे अनमोल तिवारी से कार पार्किंग को लेकर विवाद के बाद कुछ लोगों ने अभद्रता की। सूचना पर प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई।
सपा महिला सभा की पूर्व राष्ट्रीय सचिव नीरज तिवारी ने बताया कि रविवार रात दुकान बंद होने के बाद वह अपने बेटे अनमोल तिवारी के साथ डीडीपुरम में अवध प्लाजा के पास गई थीं। वह कार से उतरकर किसी काम में व्यस्त हो गईं और अनमोल कार पार्किंग करने लगे। इसी बीच वहां कार में बैठकर शराब पी रहे दो युवक अनमोल से भिड़ गए और उनकी कार की चाबी निकाल ली। इस पर उनमें विवाद होने लगा और मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में अनमोल की चेन टूटकर गिर गई लेकिन वह मिल गई। सूचना पर प्रेमनगर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई।
कार पर लिखा था प्रशासन, आई तमाम सिफारिशें
अनमोल से विवाद करने वाले युवकों की कार पर प्रशासन लिखा था। विवाद की सूचना पर पुलिस पहुंची तो पहले उन्होंने खुद को एक एसडीएम का रिश्तेदार बताया और फिर भाजपा नेताओं के नाम लेने गए। थाने पहुंचने पर भी उनकी मदद के लिए कई सिफारिशें पहुंच गईं। देर रात तक थाने में दोनों पक्षों में समझौते के प्रयास जारी थे।