50 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ
शीशगढ़ थाना प्रभारी के मुताबिक क्षेत्र में हुई महमूदन और उर्मिला की हत्याओं के खुलासे के लिए टीमें 50 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ कर चुकी हैं। इसके बाद भी वे अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी हैं। शाही पुलिस ने मिर्जापुर चौराहे, सेवा ज्वालापुर तथा हल्दी कला आदि गांवों में बैरियर लगाए हैं।
संबंधित खबर- छह महीने में एक ही तरीके से नौ हत्याएं : कहीं साइको किलर तो नहीं... हर गांव में अलग कहानी; महिलाएं खौफजदा
यहां से निकलने वाले हर संदिग्ध की जांच की जा रही है पर अब तक नाकामी ही उनके हाथ लगी है। एसपी देहात मुकेश चंद्र मिश्रा भी क्षेत्र में कैंप कर रहे हैं। शुक्रवार शाम को पहुंचे एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने अब तक की प्रगति का ब्योरा तलब किया। उन्होंने संदिग्धों से पूछताछ भी की। बाइक सवार पुलिसकर्मी भी क्षेत्र में घूम रहे हैं।
बरेली व बहेड़ी की सीमा तक लगेंगे कैमरे
एसपी देहात मुकेश मिश्रा ने बताया कि रोज 50 सीसीटीवी कैमरे लगाने का लक्ष्य है। शाही, शीशगढ़ से लेकर बरेली व बहेड़ी की सीमा तक सीटीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। ऑपरेशन दृष्टि के तहत जिले में 8,500 कैमरे लगाए जा चुके हैं। एसपी देहात ने बताया कि शाही, शीशगढ़, फतेहगंज पश्चिमी, देवरनिया व शेरगढ़ थानों में 36 दरोगा व 116 सिपाहियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है।