पीडब्ल्यूडी कार्यालय के बाहर स्मार्ट सिटी निर्माण के लिए सडक पर लगाये गये परदे गिरे - अमर उजाला
बरेली। स्मार्ट सिटी के तहत शहर में नाला निर्माण और डक्ट बनाने का काम चल रहा है। पिछले पंद्रह दिनों गड्ढों की वजह से एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है और कुछ दिन पहले एक कार भी पलट गई थी। नगर निगम ने इन हादसों के बाद ठेकेदार पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना तो लगा दिया मगर बैरिकेडिंग की व्यवस्था नहीं कराई। ठेकेदार ने बैरिकेडिंग के नाम पर सिर्फ हरे पर्दे लगाए हैं। यहां अब भी हादसों का खतरा बना हुआ है।
कमिश्नरी रोड, पटेल चौक से चौकी चौराहा रोड, प्रभा टॉकीज रोड, चौकी चौराहा से चौपुला चौराहा रोड, मालगोदाम रोड के अलावा शहर के अन्य हिस्सों में स्मार्ट सिटी के तहत डक्ट बनाए जा रहे हैं। यहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। इन्हें खुला छोड़ दिया गया है। इस लापरवाही के चलते एक व्यक्ति की मौत भी हो चुकी है।
मौत के बाद न तो नगर निगम के अफसर जागे और न ही ठेकेदार। कुछ दिन पहले एक गड्डे में कार पलट गई तो अमर उजाला ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की। इसके बाद नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने दो ठेकेदारों पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाकर सुरक्षा के इंतजाम करने के निर्देश दिए। अब सुरक्षा के नाम पर ठेकेदारों ने सरिया से बांधकर हरे पर्दे निर्माण स्थलों के किनारे लगा दिए हैं। उसमें भी कई पर्दे गिर गए हैं। लोहे के पाइप, या बांस से कोई बैरिकेडिंग नहीं की गई, ताकि कोई गाड़ी किनारे तक पहुंचे तो उसमें गिरने से बच जाए।
‘ ठेकेदारों को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के साथ ही काम करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि लापरवाही बरती जा रही है तो मंगलवार को ही निरीक्षण करूंगा। लापरवाही मिलने पर ठेकेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।’
- भूपेश कुमार सिंह, वरिष्ठ महाप्रबंधक, स्मार्ट सिटी