बरेली/फतेहगंज पूर्वी। घटना के चश्मदीद युवती के मौसेरे भाई ने बताया कि रजनेश फतेहगंज पूर्वी से ही बाइक से उनका पीछा कर रहा था, लेकिन वे उसका इरादा नहीं भांप सके। ताबड़तोड़ फायरिंग कर रजनेश ने उनकी बहन की हत्या कर दी। रजनेश बार-बार तमंचा लोड कर उनकी बहन पर गोलियां बरसाता रहा। उन्होंने किसी तरह वहां से भागकर जान बचाई।
युवती के मौसेरे भाई ने बताया कुछ ही दिन बाद उनकी रिश्तेदारी में शादी है। इस वजह से वह बहन को लेकर खरीदारी कराने फतेहगंज पूर्वी गए थे। वापसी में रजनेश उनके पीछे लग गया। जब वे लोग बरगवां गांव के पास पहुंचे तो रजनेश ने उनकी बाइक गिरा दी। वह खेत में गिरे और बहन सड़क पर।
उनके संभलने से पहले ही रजनेश ने उनकी बहन पर गोली चला दी और दोबारा तमंचा लोड कर लिया। जब तक वह खेत से बाहर आए, रजनेश दूसरा फायर भी कर चुका था और फिर तमंचा लोड कर उन्हें गोली मारने की धमकी दी। इससे वह डर गए और वहां से गांव की ओर भागे, इसी बीच उसने दो-तीन फायर और किए। जब वह गांव वालों के साथ वापस पहुंचे तो उनकी बहन दम तोड़ चुकी थी। उसकी गर्दन और पेट में तीन गोलियां लगी थीं।
इस कदर थी बौखलाहट बाल पकड़कर घसीटा, कपड़े फाड़े
भाई ने बताया कि रजनेश इस कदर बौखलाया हुआ था कि गोली मारने के बाद उसने बहन के बाल पकड़कर जमीन पर घसीट डाला। इतने से भी उसका मन नहीं भरा तो खींचतान करके उसके कपड़े फाड़ दिए। ऐसा करते हुए वह कुछ बड़बड़ा रहा था लेकिन उनकी समझ में नहीं आया।
रिश्तेदारों के पहुंचने पर माने परिजन
पुलिस पहुंची तो गांव वाले आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। उन लोगों ने कहा कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होगा, शव नहीं उठाने देंगे। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण और सीओ फरीदपुर राजकुमार मिश्र उन्हें समझाते रहे लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने दूसरे गांव से उनके रिश्तेदारों को बुलवाया। उन लोगों ने समझाया तब रात करीब दस बजे शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। पोस्टमार्टम मंगलवार को होगा।
मौके पर मिली बाइक और कारतूसों के खोखे
हत्या के बाद रजनेश अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर भाग निकला। घटनास्थल से पुलिस को 315 बोर के कारतूस के तीन-चार खोखे मिले हैं। पुलिस ने बाइक भी कब्जे में ले ली है। यह बाइक गांव के ही दवा देने वाले व्यक्ति की है। पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो सामने आया कि रजनेश कहीं जाने की बात कहकर दोपहर में उससे बाइक मांगकर ले गया था।
बिरादरी का विवाद, गांव में तनाव
इस घटना को लेकर गांव में दोनों की बिरादरी के लोगों में तनाव है। युवती की जाति की एक अन्य लड़की को रजनेश की बिरादरी का एक युवक कुछ समय पहले ले गया था। इसे लेकर दोनों बिरादरी के लोगों में पहले से ही तनातनी है। सोमवार की घटना के बाद गांव का माहौल और गरमा गया है। इसके चलते गांव में पीआरवी को गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
युवती के दूरी बनाने से बौखला गया था रजनेश
बरेली/फतेहगंज पूर्वी। घरवाले भले ही प्रेम प्रसंग की बात से इनकार कर रहे हैं लेकिन पुलिस की जांच में पूरी कहानी सामने आ गई है। पता चला है कि युवती के दूरी बना लेने से रजनेश बौखलाया हुआ था, जिसके चलते उसने गोलियां मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक युवक और युवती एक ही गांव के हैं लेकिन उनकी जातियां अलग हैं। दोनों कक्षा आठ तक साथ पढ़े थे, जिसके चलते उनमें नजदीकियां हो गईं।
गांव में चर्चा शुरू हुई तो यह बात युवती के घरवालों तक भी पहुंच गई। इस पर उन्होंने सख्ती कर युवती पर बंदिशें लगा दीं। युवती भी घरवालों की बात मान गई और उसने रजनेश से दूरी बना ली। मगर रजनेश उससे दूर होने को तैयार नहीं था और युवती पर साथ चलने का दबाव बना रहा था।
इधर, घरवालों ने युवती के लिए रिश्ता देखना शुरू कर दिया। जब यह बात रजनेश तक पहुंची तो वह बौखला गया। जब युवती उसके साथ जाने को तैयार नहीं हुई तो उसने गोलियां मारकर उसकी हत्या कर दी। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि दोनों के प्रेम प्रसंग के कई सबूत मिले हैं। गांव वालों ने भी इसकी पुष्टि की है।
आरोपी रजनेश परिवार समेत फरार
इस मामले में युवती के पिता ने रजनेश के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने गांव में उसके घर दबिश दी लेकिन पूरा परिवार फरार मिला। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें रिश्तेदारी में भी भेजी गई हैं।
रजनेश नाम के युवक ने दो गोली मारकर युवती की हत्या की है। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि युवती ने भागने से इनकार कर दिया था, इसके चलते उसने हत्या कर दी। - रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
नवाबगंज फोटो 2 अधकटा गांव में गौशाला का शुभारम्भ करते खंड विकास अधिकारी- फोटो : NAWABGANJ