सुबह 10 से शाम चार बजे तक होगा आयोजन, रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे
बरेली। रक्त की कमी से जूझ रहे ब्लड बैंक और खून न मिलने से थम रहीं सांसों को शुक्रवार को आपके सहयोग से नवजीवन मिल सकता है। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदाता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला अस्पताल ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन होगा। जो सुबह 10 से शाम चार बजे तक चलेगा। प्रत्येक रक्तदाता को अमर उजाला की ओर से प्रमाणपत्र दिया जाएगा।
जिला अस्पताल ब्लड बैंक के इंचार्ज डॉ. यूूबी सिंह ने बताया कि अभी जिला अस्पताल में 48 यूनिट रक्त उपलब्ध है, जो आए दिन पहुंच रहे दुर्घटनाग्रस्त लोगों की संख्या को देखते हुए बहुत कम है। जरूरतमंदों को रक्त मुहैया कराने के लिए रक्तदाताओं के सहयोग की बेहद जरूरत है। उनके सहयोग से किसी के घर में खुशियां लौट सकती हैं, इसलिए लोगों से अपील की है कि वह रक्तदान शिविर में महादान करने जरूर पहुंचे। लोग वैक्सीन लगवाने को 14 दिन बाद रक्तदान कर सकते हैं। यह पूरी तरह सुरक्षित है। भ्रांतियों से बचें।
बताया कि रक्तदान शिविर के दौरान रक्तदाताओं के ब्लड ग्रुप, शुगर, बीपी, हीमोग्लोबिन समेत कई जांचें मुफ्त की जाएंगी। सुबह दस बजे शिविर का उद्घाटन सीएमओ डॉ. बलबीर सिंह और जिला अस्पताल के सीएमएस एडीएसआईसी डॉ. सुबोध शर्मा करेंगे। शिविर में कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया जाएगा। इसके लिए मास्क, सैनिटाइजर, ग्लब्स आदि भी महादानियों को मुहैया कराए जाएंगे।
रक्तदान से रक्तदाता को भी होते हैं फायदे
ब्लड बैंक के जनसंपर्क अधिकारी मनोज ने बताया कि रक्तदान से शरीर में खून बनने की प्रक्रिया बढ़ जाती है। रक्तदान से पहले और बाद में तमाम जांच होने से एचआईवी, एचवीएसजी, एचसीबी, वीडीआरएल, मलेरिया समेत रोगों का भी पता चलता है। हालांकि, यह पूरी तरह गोपनीय रखा जाता है। किसी भी बीमारी की जांच में पुष्टि होने पर सिर्फ रक्तदाता को ही जानकारी दी जाती है।
65 साल के व्यक्ति भी कर सकते हैं रक्तदान
ब्लड बैंक की ज्योति के मुताबिक, कोई भी स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है। इसमें 18 से 65 वर्ष आयु वर्ग तक के वे लोग जिनका हीमोग्लोबिन 12.5 प्रतिशत और वजन 45 किलोग्राम से ज्यादा हो, रक्तदान कर सकते हैं। वहीं, एनीमिया, कैंसर, टीबी, किडनी, हेपेटाइटिस बी पॉजिटिव, लिवर के मरीज, कई दिनों से एंटीबॉयोटिक या एस्प्रिन दवा का सेवन करने वाले, गर्भवती महिलाएं रक्तदान नहीं कर सकती हैं। अगर किसी का शुगर लेवल 225 तक है और वह इंसुलिन नहीं लेता है तो वह भी रक्तदान कर सकता है।