कोर्ट के आदेश पर आरोपी के खिलाफ थाना किला में रिपोर्ट दर्ज
बरेली। नैनीताल रोड निवासी संजय अग्रवाल ने प्रेमनगर निवासी विजय सिंह के खिलाफ प्लॉट का सौदा करने का झांसा देकर छह लाख रुपये हड़पने के आरोप में थाना किला में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट कोर्ट के आदेश पर दर्ज की गई है।
नैनीताल रोड स्थित उर्मिला कॉटेज निवासी संजय अग्रवाल का कहना है कि उनकी पत्नी मुक्ता अग्रवाल ने करीब दो साल पहले राजेंद्रनगर के गुलमोहर पार्क के पास स्थित प्लॉट प्रेमनगर के विजय सिंह से खरीदने का सौदा किया था। मुक्ता ने 30 अक्तूबर, 2018 को विजय को 10 लाख रुपये का बयाना भी दे दिया, लेकिन विजय रजिस्ट्री करने में आनाकानी करने लगा। जब उन्होंने पैसे वापस करने को कहा तो उसने चार लाख रुपये लौटा दिए। बाकी रकम 30 दिसंबर, 2020 तक लौटाने का लिखित करार किया। तय तारीख को रकम न मिलने पर मुक्ता ने विजय से संपर्क किया तो उसने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ब्यूरो