पिछले साल भरा था फार्म, तब विश्वविद्यालय ने न परीक्षा कराई और न प्रोन्नत किया
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से दोबारा बैक पेपर का फार्म भरवाने की जानकारी पर छात्र संगठनोें ने शुक्रवार को परिसर में जमकर हंगामा किया। उन्होंने कुलसचिव का घेराव कर ज्ञापन सौंपा। कहा, दोबारा फार्म भरने से बीटेक और बीसीए के छात्रों का उत्पीड़न हो सकता है। मामले में सहायक कुलसचिव ने दो दिन का समय मांगा है।
समाजवादी छात्र सभा के सैयद फरहान अली के नेतृत्व में तमाम छात्रों ने शुक्रवार को परीक्षा नियंत्रक को संबोधित ज्ञापन सहायक कुलसचिव को सौंपा। इसमें कहा गया है कि बीटेक और बीसीए के छात्रों ने सत्र 2020 में बैक के पेपर के फार्म भरे थे, लेकिन न उनकी परीक्षा हुई और न ही प्रोन्नत किया गया। अब फिर विश्वविद्यालय छात्रों से बैक पेपर के फार्म भरने के नाम पर फीस मांग रहा है। सहायक कुलसचिव ने छात्रों को बैक के पेपर में प्रोन्नत करने का आश्वासन दिया, लेकिन छात्र इससे संतुष्ट नहीं हुए और हंगामा करने लगे। बाद में छात्रों ने दो दिन का समय देकर कहा कि यदि बैक पेपर का फार्म भरने का आदेश वापस न हुआ और छात्रों को प्रोन्नत नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान अजमल अंसारी, अमन श्रीवास्तव, सुनील कुमार, संजीव, वीरपाल, रामपाल, विशेष शर्मा, सुमित आदि छात्र मौजूद रहे। ब्यूरो