लाइनें खींचने का काम भी पूरा, स्टाफ की तैनाती के लिए लिखा पत्र
बरेली। एयरपोर्ट को बिजली आपूर्ति के लिए सबस्टेशन का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। लाइनें खींचने के साथ ही स्टाफ की तैनाती भी कर दी गई है। अब बस उद्घाटन होने का इंतजार है।
वर्तमान में एयरपोर्ट को रिठौरा सबस्टेशन से बिजली दी जा रही है। ग्रामीण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति और जर्जर पुरानी लाइनें होने की वजह से एयरपोर्ट की बिजली बार-बार बाधित होती रहती है। इसे देखते हुए बीते दिनों एयरपोर्ट के लिए अलग सबस्टेशन बनाने का काम शुरू किया गया था। सबस्टेशन पर पांच-पांच एमबीए के दो ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। इसके साथ ही 33 केवी लाइन बिछाने का काम भी पूरा कर लिया गया। सबस्टेशन का निर्माण पूरा होने के बाद विद्युत कार्यमंडल के पत्र पर अधीक्षण अभियंता देहात ने सबस्टेशन पर स्टाफ की ड्यूटी भी लगा दी है। अब बस सबस्टेशन का उद्घाटन होना बाकी है। इसके बाद सबस्टेशन से एयरपोर्ट के लिए बिजली सप्लाई शुरू हो जाएगी।
एयरपोर्ट के बिजली सबस्टेशन का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। कुछ औपचारिकताएं शेष हैं, उन्हें पूरी कर इसी माह एयरपोर्ट के लिए सबस्टेशन से सप्लाई चालू कर दी जाएगी। नए सबस्टेशन से सप्लाई शुरू होने के बाद एयरपोर्ट को निर्बाध बिजली देने में मदद मिलेगी। - अशोक चौरसिया, अधीक्षण अभियंता