मौलाना तौकीर रजा बोले- मुबारकबाद के हकदार हैं मुसलमान
आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां ने कहा है कि पैगंबर मोहम्मद पर अभद्र टिप्पणी से मुसलमानों में भारी नाराजगी है। इसके बावजूद उन्होंने जुमे की नमाज पर जिस अमनपसंदी का सबूत दिया है, इसके लिए वे मुबारकबाद के हकदार हैं। मौलाना ने कहा कि देश भर में जगह-जगह गुस्से का इजहार करने लोग सड़कों पर उतर रहे हैं, लेकिन अफसोस की बात है कि अभी तक नुपुर शर्मा को गिरफ्तार नहीं किया गया है। हम एक बार फिर मांग करते हैं कि नुपुर शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। बरेली अहले सुन्नत का मरकज है। देश दुनिया की नजरें बरेली पर लगी हैं। लोग चाहते हैं कि पैगंबर पर टिप्पणी के खिलाफ बरेली से आवाज उठे, अवाम में भी बेचैनी है। इस संबंध में दो बार कुछ कारणों से तिथि बदलनी पड़ी। अब 19 जून रविवार को दोपहर दो बजे से इस्लामिया कॉलेज मैदान पर यौम-ए-दुरूद होगा। इसमें सभी लोग पैगंबर पर मोहब्बत और अकीदत का नजराना पेश करने पहुंचें। बिना नारे लगाए खामोशी के साथ दुरूद शरीफ पढ़ते हुए घर से निकलें और अमन का माहौल बनाते हुए मैदान में पहुंचें।