फरीदपुर (बरेली)। पेट्रोल पंप पर फायरिंग कर रुपये दिए बिना भागने के मामले में आरोपी निखिल को पुलिस ने बहराइच से गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से तमंचा और कारतूस भी बरामद किया है।
सीओ फरीदपुर संदीप सिंह ने बताया कि 26 अगस्त की रात फरीदपुर के हरियाली पेट्रोल पंप पर दो बाइक पर आए कुछ युवकों ने 1030 रुपये और 1340 रुपये का पेट्रोल भरवाया। भुगतान किए बिना भागने लगे तो कर्मचारियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। आरोपियों ने कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देते हुए हवाई फायरिंग कर दी।
पंप के गार्ड जयपाल सिंह ने भी अपनी लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायर किए। इससे घबराकर आरोपी बाइक छोड़कर भाग निकले। भागते समय एक आरोपी का मोबाइल फोन भी गिर गया था। पुलिस ने मोबाइल की सीडीआर और बैंक विवरण के आधार पर आरोपियों की पहचान की। आरोपी निखिल कुमार बुढ़नी बलियारा, बहराइच जिले का निवासी निकला। उसे शनिवार शाम गिरफ्तार किया गया।
गोंडा में भी मुकदमे दर्ज
पुलिस पूछताछ में निखिल कुमार ने बताया कि वह पंजाब में सिलाई करता था। शौक पूरे करने के लिए उसने अपराध का रास्ता चुना। उसके खिलाफ फरीदपुर, बहराइच के पयागपुर, विशेश्वरगंज और गोंडा के कौड़िया व देहात कोतवाली में चोरी, जानलेवा हमला और शस्त्र अधिनियम जैसे गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। फरीदपुर सीओ संदीप सिंह ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया है। उसकी निशानदेही पर हरियाली पेट्रोल पंप के पास झाड़ियों से तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है।