बरेली। कोविड टीकाकरण अभियान के तहत 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों के टीकाकरण का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। बुधवार को विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों और स्कूलों में आयोजित शिविर में 15400 लक्ष्य के सापेक्ष 7848 किशोरों को वैक्सीन लगाई गई जो 50.21 फीसदी रहा।
डीआईओ ने अभिभावकों से निर्धारित आयु वर्ग के बच्चों के स्लॉट बुक कर या केंद्र पर पहुंचकर वैक्सीन लगवाने की अपील की है। जिला प्रतिरक्षण कार्यालय की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार को 18 से 44 वर्ष आयुवर्ग 15 हजार लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य था। इसके सापेक्ष 2431 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। 45 पार के 14700 लोगों के सापेक्ष 10076 लोगों को वैक्सीन लगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने बताया कि 60100 लक्ष्य के सापेक्ष 29516 लोगों को वैक्सीनेट किया गया है जो 49.11 फीसदी है। जिले में अब तक 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के 16367 किशोरों और 18 पार के 2945366 लोगों को पहली और 1857118 लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी है।