अशरफ की निगरानी में लगी सर्च टीम बदली गई
बरेली सेंट्रल जेल-2 में सर्च टीमों को बदल दिया गया है। अशरफ की निगरानी में लगी पुरानी सर्च टीम को रविवार को हटाकर उसके स्थान पर दूसरी टीम को तैनात कर दिया गया है। दूसरी ओर जेल में बंद टॉप-टेन अपराधियों की सूची भी रविवार को जेल प्रशासन ने शासन को भेज दी है। इनमें अशरफ का नाम भी शामिल है। शासन ने टॉप-टेन अपराधियों की निगरानी और अन्य सुरक्षा बंदोबस्तों के बारे में भी जेल प्रशासन से जानकारी मांगी है।
अशरफ को दूसरे जेल में किया जा सकता है शिफ्ट
सूत्रों के अनुसार जल्द ही अशरफ समेत कई अन्य कैदियों और बंदियों को भी बरेली जेल से अन्य किसी जिले की जेल में शिफ्ट किए जा सकता है। जेल में प्रशासनिक आधार पर पूर्वांचल की जेलों से शिफ्ट किए गए अपराधियों का ब्योरा भी जेल प्रशासन ने तैयार कर लिया है। प्रशासनिक आधार पर कुख्यात अपराधियों की समय-समय पर जेल को बदल दिया जाता है।
डीएम और एसएसपी ने किया सेंट्रल जेल का निरीक्षण
- फोटो : अमर उजाला
सोमवार दोपहर को बरेली सेंट्रल जेल में डीएम शिवाकांत द्विवेदी और एसएसपी अखिलेश चौरसिया निरीक्षण करने पहुंचे। जिस बैरक में अशरफ बंद है, उसकी चेकिंग कराई। बताया जा रहा है कि बीते महीनों में उससे कौन-कौन मिलाई करने आया था, इसकी भी जांच कराई जा रही है।