बरेली। सूरत के एक कोचिंग सेंटर में अग्निकांड में 20 बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इसको देखते हुए डीआईओएस डॉ. अचल कुमार मिश्र ने जिले के सभी 428 माध्यमिक समेत वित्तविहीन और एडेड कॉलेज को नोटिस जारी कर 15 जून तक विद्यालय में आपदा प्रबंधन के इंतजाम न करने पर मान्यता रद्द करने की चेतावनी दी है।
हादसे के बाद जागे शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि पिछले कई सालों से विद्यालयों में अग्निशमन यंत्र, वायरिंग और भूकंप रोधी भवन बनाए जाने संबंधी निर्देश जारी होते रहे हैं। मगर इनका अनुपालन नहीं हो रहा है। उन्होंने विद्यालयों को आगामी 15 जून तक सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर सत्यापित प्रति उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। कहा है कि विद्यालय की सीलिंग और छत समेत सभागार में प्लास्टिक एवं ज्वलनशील पदार्थ का प्रयोग नहीं होना चाहिए। स्कूलों में खुले मैदान होने चाहिए और कमरे हवादार होने चाहिए ताकि किसी घटना के दौरान बच्चों को तत्काल सुरक्षित किया जा सके। इसके अलावा उन्होंने सभी विद्यालयों को अपने कॉलेज में मॉक ड्रिल कराने और आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए हैं।
निर्धारित मानक से अधिक न हो विद्युत लोड
जारी आदेश में विद्यालयों को विद्युत विभाग से निर्धारित से अधिक लोड का प्रयोग नहीं करने के निर्देश दिए हैं। जांच में अधिक लोड पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। कहा है कि 20 जून तक स्थानीय विद्युत उपकेंद्र से लोड की जांच कराकर रिपोर्ट कार्यालय में उपलब्ध कराई जाए।
विद्यालयों में आपदा प्रबंधन के इंतजाम नहीं होने की जानकारी मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इन्हें दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। 15 जून तक जो विद्यालय आदेशों का अनुपालन नहीं करेंगे, उनकी मान्यता रद्द की जाएगी।
- डा. अचल कुमार मिश्र, डीआईओएस