बाराबंकी। विशेष कोरोना टीकाकरण अभियान के तहत सोमवार को जिले में करीब 50 हजार लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। इसके लिए सुबह से ही केंद्रों पर लोगों की लाइन लग गई। इस दौरान कई केंद्रों पर पहले टीका लगवाने के लिए लोग आपस में ही भिड़ गए। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
जिले में 22 लाख लोगों को कोरोना का टीका लगाया जाना है लेकिन अभी तक महज 17 लाख लोगों को ही टीका लगाया जा सका। शासन की मंशा है कि जल्द से जल्द सभी को टीका लगे, इसके लिए सोमवार को जिले में विशेष अभियान चलाया गया। इसके लिए जिले में 171 केंद्र बनाए गए जिनके माध्यम से 50 हजार लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया।
जबकि शासन स्तर से 75 हजार लोगों को टीका लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। विशेष टीकाकरण अभियान की जानकारी मिलते ही सुबह से ही टीकाकरण केंद्रों पर लोगों की लाइन लगने लगी। देखते ही देखते भारी संख्या में लोग केंद्रों पर जुट गए। इस दौरान रामसेवक केंद्र, जिला अस्पताल आदि केंद्रों पर पहले टीका लगवाने के लिए लोग आपस में ही भिड़ गए।
इसकी सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे गए और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। तब जाकर टीकाकरण सुचारु गति से हो सका। इस बाबत जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजीव सिंह ने बताया कि विशेष अभियान के तहत 75 हजार को कोरोना का टीका लगाया जाना था जिसके सापेक्ष 50 हजार लोगों को टीके लगाए गए।