बाराबंकी। कोरोना की तीसरी लहर आने से पहले विभाग ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीके लगाकर सुरक्षित कर लेना चाह रहा है। इसके तहत मंगलवार केे जिले में मेगा टीकाकरण अभियान का आयोजन किया जा रहा है। विभाग का दावा है कि इसको लेकर सभी प्रकार की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सभी ब्लॉकों में नोडल अधिकारियों की तैनाती करते हुए उनकी जवाबदेही तय कर दी गई है।
कोरोना से बचाव के लिए जिले में मेगा कोरोना टीकाकरण अभियान को लेकर विभागीय अधिकारी सोमवार को पूरे दिन तैयारियों में जुटे रहे और सीएचसी पर वैक्सीन भेजने का काम चलता रहा। मेगा अभियान के तहत जिले में करीब 50 हजार लोगों को कोरोना का टीका लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इसके लिए जिले के सभी 15 ब्लॉकों में 286 बूथ बनाते हुए इन पर कर्मचारियों की तैनाती भी कर दी गई है। इसके साथ ही बूथों पर नजर रखने के लिए 30 नोडल अधिकारियों को लगाते हुए जवाबदेही तय कर दी गई। विभाग का दावा है कि अभियान में वैक्सीन की कमी नहीं आने दी जाएगी। इसके लिए हमें करीब 54 हजार डोज मिल चुकी हैं। इस अभियान का मकसद ज्यादा से ज्यादा लोगों को कोरोना का टीका लगाकर तीसरी लहर से बचाना है।
इस संबंध में सभी सीएचसी अधीक्षकों को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए साफ कहा गया है कि अभियान को सफल बनाने में पूरा सहयोग किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएमओ डॉ. रामजी वर्मा ने बताया कि अभियान में 50 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। हमारे पास 54 हजार डोज उपलब्ध है।
निगरानी समितियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजीव सिंह ने बताया कि बूथ पर तैनात कर्मियों के सहयोग के लिए जहां आशा और आशा संगिनी को लगाया गया है। वहीं घर-घर जाकर लोगों को टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित करने की जिम्मेदारी गांवों में कार्य कर रही निगरानी समितियों को सौंपी गई हैं। यह निगरानी समितियां कोरोना काल में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन बखूबी कर चुकी हैं जिसे देखते हुए इन्हें यह जिम्मा सौंपा गया है।