कुर्सी/कोटवाधाम (बाराबंकी)। जिले में अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। वहीं एक बालिका समेत तीन लोग घायल भी हुए हैं। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लखनऊ जिले के थाना सदर क्षेत्र निवासी सन्नो (30) रविवार को तीन वर्षीय पुत्री इलमा व पड़ोस के ही अभिषेक यादव के साथ बाइक से बड्डूपुर जा रही थी। महमूदाबाद मार्ग पर निंदूरा गांव के निकट गैस सिलेंडर लदी एक तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर गए। तेज रफ्तार डीसीएम महिला को रौंदते हुए निकल गई।
हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि युवक व तीन वर्षीय बालिका को हल्की चोट आई। थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डीसीएम को कब्जे में ले लिया गया है। घायलों को सीएचसी भेजा गया है।
वहीं कोतवाली बदोसराय क्षेत्र के मोहद्दीनपुर गांव के समीप शनिवार देर शाम बाइक सवार अरविंद (41) निवासी पर्वतपुर थाना मोहम्मदपुर खाला अपने साथी सीता शरण के साथ रिश्तेदारी में गया था। वहां से लौटते समय एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोहद्दीनपुर गांव के पास बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
इससे दोनों घायल हो गए व ट्रक चढ़ने से बाइक क्षतिग्रस्त हो गयी। इस हादसे में अरविंद की मौत हो गई जबकि उसका साथी घायल हो गया है। उप निरीक्षक हुकुम सिंह ने बताया कि हादसा करने वाले वाहन के बारे में पुलिस पता कर रही है।